कानपुर : ऑनलाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर 23.60 लाख की ठगी, साइबर ठगों ने सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष को बनाया शिकार
कानपुर, अमृत विचार। ऑनलाइन ट्रेडिंग से बड़ा मुनाफा कमाने का लालद देकर साइबर ठगों ने सोसायटी के कार्यकारी अध्यक्ष से 23.60 लाख रुपये ठग लिए। फ्राड ने पहले लिंक भेजा, डाउनलोड कराया। फिर अकाउंट खुलवाकर रुपयों का निवेश कराया। जब पैसे निकालने की बारी आई तब फ्राड का पता चला। पीड़ित ने बिठूर पुलिस व साइबर सेल में शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिठूर के रतन प्लैनेट नारामऊ निवासी श्याम कृष्ण कनोडिया सोसायटी के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर पर ऑनलाइन ट्रेडिंग के लिए सिक्योरिटी प्रीमियम अकाउंट खोलने के लिए संदेश आया था। इसके बाद ठगों ने कॉल किया और मोबाइल का मॉडल पूछा। इसके बाद ऑनलाइन ट्रेडिंग की जानकारी दी। कहा ठीक मुनाफा कमा सकते हैं। इसके बाद लिंक भेजकर एक एप डाउनलोड कराया। जिसमें उनकी सारी जानकारी भरवाई।
बाद में ठगों ने ही उनका अकाउंट खुलवाया और ऑनलाइन व्यापार में कई बार की खरीद-बिक्री के नाम पर उनके 23.60 लाख रुपये निवेश कराया। रुपयों के निवेश कुछ समय लगा, इसके बाद उन्होंने पैसे निकालने की बात कही तो ठग उनसे और पैसे खाते में डालने की बात कहने लगे। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इस पर पुलिस व साइबर सेल में शिकायल की। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
3.10 लाख लेकर थमा दिया नकली वीजा, विरोध पर धमकाया
नर्वल में विदेश भेजने के नाम पर दो युवकों से 3.10 लाख रुपये ठगे और फर्जी वीजा पकड़ा दिया। फ्राड का पता चलने पर जब रुपये मांगे तो आरोपियों ने जान की धमकी दी। शिशुपुर गांव निवासी विजय पाल और नर्वल के अर्जुन कुमार ने पुलिस को बताया कि अरबी नामक एक व्यक्ति ने उन्हें विदेश भेजने व अच्छी नौकरी का झांसा दिया था। इसके बाद उसने उन्हें गुलाम राजा से मिलाया।
जिसने दोनों से डेढ़-डेढ़ लाख लिए। कुछ दिन बाद गुलाम राजा ने समर उर्फ बबलू से मिलवाया और बताया कि वही विदेश भेजेगा। मेडिकल के नाम पर समर ने 10,500 रुपये लिए। इसके बाद बैंकॉक का वीजा दिया। जब दोनों लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां रोक लिया गया। कहा वीजा फर्जी है। इस पर ठगी का अहसास होने पर आरोपियों से पैसे मांगे तो उसने गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अखिलेश पाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मोबाइल पार कर बनाई यूपीआई आई, निकाले 1.52 लाख
किदवईनगर एच-ब्लाक निवासी बुजुर्ग का मोबाइल चुराकर शातिर ने नंबर से यूपीआई बनाकर खाते से 1.52 लाख रुपये निकाल लिए। पेंशन निकालने बैंक पहुंचे बुजुर्ग को जब पैसे पार होना पता चला तो रिपोर्ट दर्ज कराई है। किदवईनगर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर अमरनाथ शुक्ला काम करते हैं। 11 अगस्त को काम के दौरान उनका मोबाइल गायब हो गया था।
इस पर अगले दिन सिम बंद कराया और दूसरा ले लिया। उससे पहले ही शातिर ने मोबाइल का प्रयोग कर नंबर से यूपीआई आईडी बनाकर खाते से 1.52 लाख रुपये निकाल लिए। एक माह बाद अमरनाथ वृद्धा अवस्था पेंशन लेने पहुंचे तो बैंक खाता खाली मिला। बैंक कर्मी ने पूरी घटना बताई तो हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस से शिकायत की। किदवईनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
