Moradabad : ट्रेडिंग के नाम पर 1.64 करोड़ की साइबर ठगी, एक और आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर 1 करोड़ 64 लाख 96 हजार 474 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। इससे पहले चार अन्य की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने पीड़ित को 20 लाख रुपये लौटाए हैं।

मंगलवार को पुलिस लाइन में हुई प्रेसवार्ता में एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि थाना गलशहीद क्षेत्र निवासी पीड़ित को दिल्ली निवासी बताने वाले जियाना अरोड़ा ने ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने का लालच दिया। व्हाट्सएप के जरिए आईडी और पासवर्ड बनवाकर पीड़ित से पहचान पत्र मांगे और फिर अलग-अलग 13 बैंक खातों में कुल 1.64 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराए। 

साइबर टीम ने 16 सितंबर को नाजिम अली और खिलाफत व 19 सितंबर को अमन और अदनान को गिरफ्तार किया था। अब 29 सितंबर को आकिब जावेद निवासी नई बस्ती, जसपुर उधमसिंह नगर उत्तराखंड की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने आरोपी मोबाइल फोन बरामद किया है। साथ ही पीड़ित के बैंक खातों से ट्रांसफर की गई रकम में से 47.66 लाख रुपये होल्ड कराए गए, जिनमें से 20 लाख रुपये पीड़ित को वापस कराए जा चुके हैं।

नेपाल में बैठकर चल रहा था ट्रेडिंग का खेल
आकिब जावेद ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह अदनान और अमन के साथ मिलकर नेपाल में बैठकर फर्जी अकाउंट्स से ट्रेडिंग का खेल चला रहा था। वहां इंटरनेट बंद होने पर केवल वाई-फाई से व्हाट्सएप पर बातचीत होती थी। आकिब के भारत वुड ट्रेडर्स नाम से खोले गए बैंक खाते में अब तक 2.80 करोड़ रुपये और अमन ट्रेडर्स खाते में 1.96 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। इन खातों से जुड़े मामलों में यूपी, हरियाणा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, तेलंगाना और दिल्ली समेत 9 राज्यों में 11 मुकदमे दर्ज हैं।

संबंधित समाचार