पीलीभीत में रफ्तार का कहर : सड़क किनारे कार का टायर बदल रहे 4 लोगों को ट्रक ने रौंद, तीन की मौत
पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में बरेली के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से सड़क किनारे कार का टायर बदल रहे तीन लोगों की मृत्यु हो गयी जबकि एक गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि दिल्ली से अर्टिगा कार में सवार होकर ड्राइवर समेत आठ लोग नेपाल के काठमांडू जा रहे थे। इसमें एक परिवार का युवक उसकी मां और भाभी थे।
शनिवार सुबह पांच बजे कार बीसलपुर थाना क्षेत्र के भड़रिया मोड़ के पास कार का पिछला टायर पंचर हो गया। चालक गणेश कुमार कार को सड़क किनारे लगाकर टायर बदलने लगा। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े यात्रियों और कार को टक्कर मार दी। दुर्घटना में मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई,तीसरे अज्ञात की अस्पताल ले जाते समय मौत हुई। उन्होने बताया कि निखिल की मां पूजा भी कार में सवार थीं, जिन्हें दूसरी साइड होने की वजह से चोट नहीं आई है।
उन्होंने बताया कि नेपाल में रह रहे दूसरे बेटे को जापान जाना था। पूजा ने पुलिस को बताया वह मृतक बेटा निखिल और घायल पुत्र बधू अंजली के साथ काठमांडू में बड़े बेटे को जापान विदा करने के लिए दिल्ली से काठमांडू कर से जा रहे थे। बीसलपुर कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने मीडिया को बताया कि बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में बीसलपुर बरेली मार्ग पर स्थित भड़रिया मोड़ पर सड़क किनारे शनिवार तड़के लगभग पांच बजे दुर्घटना हुई। सड़क किनारे टायर बदलते समय पीछे से आए ट्रक ने यात्रियों को रौंद दिया। उन्होंने दुर्घटना में तीन लोगों के मौत की और एक महिला के गंभीर घायल होने की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि मृतकों में कार मालिक /चालक गणेश कुमार (25) निवासी इंद्रा पार्क दिल्ली,नेपाल काठमांडू निवासी निखिल (19) शामिल है। उसकी भाभी अंजलि 20 बर्ष की हालत बहुत गंभीर है। उसे हायर सेंटर बरेली भेजा गया है। एक मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है। दुर्घटना के बाद ट्रक सहित फरार चालक की पुलिस खोज कर रही है। मृत युवक निखिल अपनी मां और भाभी के साथ भाई को जापान भेजने के लिए काठमांडू जा रहा था।
