Rampur : सपा सांसद नदवी बोले-लोगों के अधिकारों को कुचल रही प्रदेश सरकार 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। रामपुर सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बरेली जा रहे थे। दिल्ली से बरेली जाते समय गाजियाबाद सीमा पर सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी, सांसद इकरा हसन, सांसद हरेंद्र मलिक समेत सपा के प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने रोक दिया। सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लोगों के अधिकारों को कुचल रही है।

सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने कहा कि बरेली में 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोग समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जा रहे थे। तभी पुलिस ने निर्दोष लोगों पर लाठीचार्ज किया। पुलिस के लाठीचार्ज में बहुत से लोग घायल हो गए। पुलिस ने 81 लोगों को जेल भेज दिया। चार बरात घरों को सीज कर दिया। कई मकानों और दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। जिला प्रशासन ने कानून की धज्जियां उड़ाकर संविधान को कुचलकर बरेली शहर के लोगों के अधिकारों का हनन किया है। 

लोगों की आवाज को दबाया और कुचला गया है। जिस तरह लोगों के घरों को तोड़ा गया यह सरासर संविधान के खिलाफ है। सुप्रीम कोर्ट ने बुलडोजर कार्रवाई को लेकर कई बार उत्तर प्रदेश सरकार की निंदा की है। हमारा देश संविधान से चलता है। उत्तर प्रदेश सरकार लोगों के अधिकारों को कुचल रही है। उत्तर प्रदेश सरकार अपना दायित्व भूल रही है सरकार का काम कानून व्यवस्था बनाना है। लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार कानून की धज्जियां उड़ा रही है। यह जानकारी मीडिया प्रभारी महबूब पाशा ने दी।

संबंधित समाचार