बाराबंकी : फंदे से लटकी मिली विवाहिता, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सुबेहा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे से लटका मिला। पति के अनुसार झगड़े से नाराज पत्नी ने फांसी लगा ली वहीं मृतका के भाई ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार यह घटना नगर पंचायत सुबेहा क्षेत्र के महतेली मोहल्ला में हुई।

वार्डवासी दुर्गेश व इनकी पत्नी रेनू 26 के बीच शुक्रवार को कहासुनी हो गई थी। लड़ाई समाप्त होने के बाद दुर्गेश मूर्ति विसर्जन यात्रा में चला गया। इस बीच रेनू ने कमरे के अंदर छत के पंखे में धोती से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। विसर्जन यात्रा से लौटे दुर्गेश ने कमरे में पत्नी का शव फंदे से लटका देखा तो शोर मचाने लगा। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

 वहीं घटना की सूचना मृतका के मायके व पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर मृतका के भाई विनोद कुमार निवासी ग्राम मुल्लूपुरवा थाना रामसनेहीघाट ने बहन की हत्या का आरोप पति पर लगाया है। पुलिस घटना की छानबीन करने के साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के इंतजार में है।

संबंधित समाचार