बाराबंकी : कहासुनी के बाद दबंगों ने बस चालक व परिचालक को पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुबेहा/बाराबंकी, अमृत विचार। थाना सुबेहा क्षेत्र में शनिवार दोपहर ओवरटेक को लेकर हुई मामूली कहासुनी मारपीट में बदल गई। कमेला पेट्रोल पंप के पास कुछ दबंगों ने बस चालक और परिचालक को बीच सड़क पर पीट दिया। इस घटना का वीडियो किसी राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। 

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच बस चालक ने सड़क पर खड़े ट्रक चालक से वाहन साइड करने को कहा, ताकि बस आगे निकल सके। इसी बात पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने बस चालक और परिचालक को सरेआम बीच सड़क पर पीट दिया।

घटना के दौरान कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हुआ और उसी मार्ग से गुजर रहे स्कूली बच्चे व आम राहगीर दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल है। फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

संबंधित समाचार