दिवाली तक जाड़े की दस्तक देकर लौटेगा मानसून
लखनऊ, अमृत विचार । उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बता रहा है कि चंद ही दिनों में पड़ने वाली दिवाली के त्योहार तक मॉनसून जाड़े की दस्तक देकर ही लौटेगा। दरअसल, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश होगी। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के इलाकों में भारी बारिश व ओले गिरने की भी आशंका है।
उत्तर प्रदेश में अक्टूबर की शुरुआत के साथ ही बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। पूर्वी यूपी में जहां भारी बारिश का अलर्ट है वहीं आने वाले दिनों में तेज हवाओं की भी चेतावनी है। पश्चिमी यूपी में भी भारी बारिश की संभावना है और 6 अक्टूबर को ओलावृष्टि हो सकती है।
इस बीच लगातार हो रही बरसात की वजह से अब मौसम में बदलाव महसूस किया जा रहा है। दिन का तापमान धीरे-धीरे गिर रहा है और सुबह-शाम ठंडक बढ़ रही है। कई जगहों पर सुबह के समय धुंध भी दिखाई देने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अक्टूबर के आखिर तक हल्की ठंड दस्तक दे देगी और इसके बाद सर्दी का असर लगातार तेज होता जाएगा।
झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है उनमें चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संतरविदास नगर, जौनपुर और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है।
बारिश को लेकर येलो एलर्ट जारी
पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ, वाराणसी और आसापास के जिलों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद 6 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना नजर आ रही है। उत्तर प्रदेश के समूचे पश्चिमी संभाग में बारिश में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सहारनपुर, शामली, बागपत, नोएडा, मथुरा समेत झांसी, महोबा, बांदा, चित्रकूट में गरज-चमक के साथ भारी बारिश आ सकती है। कानपुर, कन्नौज, हरदोई, बरेली के इलाकों में भी स्थिति जस की तस रहने वाली है।
यह भी पढ़ें : UP में सात अक्टूबर को धूमधाम से मनाई जाएगी महर्षि वाल्मीकि जयंती
