Bareilly: एक ही फंदे से लटके मिले प्रेमी जोड़े के शव, नौ दिन से थे लापता...पिता ने लड़के पर दर्ज कराया था मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

27 सितंबर को खेत पर गई थी लड़की, घर न लौटने पर परिजनों ने दर्ज कराया था नामजद मुकदमा 

बरेली, अमृत विचार।  उत्तर प्रदेश के जिला बरेली में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने फरीदपुर इलाके में हड़कंप मचा दिया। यहां, पिछले नौ दिनों से लापता एक प्रेमी जोड़े के शव गन्ने के खेत में मिले हैं। लड़की के परिजनों ने मृतक युवक पर 27 सितंबर को बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था।

पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी और अब 9वें दिन दोनों की लाशें मिली हैं। युवक के परिजनों ने लड़की के परिवार वालों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस इसे प्रेमी जोड़े द्वारा खुद उठाया गया आत्मघाती कदम मान रही है। 

घटनाक्रम फरीदपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। बुधपाल नामक युवक का गांव की एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस बीच 27 सितंबर को लड़की लापता हो गई। परिजनों ने फरीदपुर थाने में बुधपाल और उनके भाईयों के खिलाफ तहरीर दी, जिसमें आरोप लगाया कि उनकी बेटी को साजिशन बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।

एसपी दक्षिणी, अंशिका वर्मा के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी। इस बीच सूचना मिली कि गन्ने के खेत में दो शव मिले हैं। जांच में दोनों की पहचान कर ली गई है। पृथम दृष्टया ऐसा लगता है कि दोनों ने खुद ही जान गंवाई है। बहरहाल, दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। 

एसपी अंशिका वर्मा ने कहा कि घटना की हर एंगल पर जांच की जा रही है। जांच में जो भी चीजें सामने आएंगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, मृतक बुधपाल के भाई राजेंद्र ने लड़की के परिजनों पर गंभीर आरोप लगाया है। राजेंद्र ने कहा कि उनके भाई और लड़की को उसके परिजनों ने मारकर लटकाया है। राजेंद्र ने दावा किया कि हत्याकांड को अंजाम देने के बाद ही मेरे परिवार के खिलाफ झूठा केस दर्ज कराया गया। 

बताते हैं कि शवों की हालत काफी खराब है, जिन्हें देखकर कहा जा रहा है कि कई दिनों पहले दोनों की मौत हुई होगी। बहरहाल, मृतक बुधपाल के परिजनों के आरोपों के साथ ही पुलिस हर पहलू को जांच के केंद्र में रखे हुए है। दोनों के लापता होने से लेकर अब तक इस केस में आए हर मोड़ की जांच शुरू कर दी गई है। 

मृतक लड़की की उम्र 16 साल के आसपास बताई जा रही है। इस घटना से गांव में मातम छाया है और हर कोई सन्न है। हालात को देखते हुए गांव में सुरक्षा-व्यवस्था चौकन्नी कर दी गई है। दोनों परिवार बिलख रहे हैं। लड़का और लड़की के घरों में चीखें गूंज रही हैं। 

संबंधित समाचार