कानपुर के रूद्राक्ष ने ड्रोन उड़ान में बनाया रिकॉर्ड, 7.266 किमी. की दूरी तक 105 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ाया ड्रोन
कानपुर, अमृत विचार। तकनीकी क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास के बीच कानपुर के 17 वर्षीय छात्र रूद्राक्ष ने ड्रोन नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। रूद्राक्ष ने ड्रोन उड़ान की सबसे लंबी दूरी तय कर देशभर में एक नेशनल रिकॉर्ड स्थापित किया है। सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर के कक्षा 12 के छात्र रूद्राक्ष ने फर्स्ट पर्सन व्यू ड्रोन को पूरी तरह स्वयं डिजाइन और तैयार किया।
उन्होंने इस ड्रोन को 7.266 किलोमीटर की दूरी तक 105 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से सफलतापूर्वक उड़ाकर यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया। इस उपलब्धि को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने 28 अगस्त 2025 को आधिकारिक रूप से मान्यता दी।
संस्था की ओर से रूद्राक्ष को प्रमाण पत्र, सम्मान पत्र और अचीवर्स बैज प्रदान किया गया। रूद्राक्ष के पिता डॉ. आरके निरंजन, जो वर्तमान में कानपुर नगर निगम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं, उन्होंने अपने पुत्र की इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया।
वहीं, विद्यालय की प्रिंसिपल भावना गुप्ता और अन्य शिक्षकों ने भी रूद्राक्ष को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। रूद्राक्ष ने बताया कि उन्होंने इससे पहले भी विभिन्न आकारों और क्षमताओं वाले कई ड्रोन स्वयं बनाकर उड़ाए हैं।
