Bareilly : मूर्ति बेचने वाले किशोर की हत्या, हाथ बांधकर पीटा फिर पानी भरे गड्ढे में फेंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। चोरी के आरोप में नाबालिग को दबंगों ने पीट-पीटकर मार डाला। किशोर मध्य प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। बिशारतगंज में इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया। किशोर का शव अलीगंज-आंवला मार्ग पर लोहारी गांव में शव बरामद हुआ। जिसके हाथ पैर बंधे हुए थे। आरोप है कि स्थानीय ठेकेदार ने हत्या की। ठेकेदार स्थानीय बाजार में वसूली करता है।

जिला देवास मध्य प्रदेश का रहने वाला 16 वर्षीय असिन अपने साथियों के साथ बरेली जंक्शन पर जिंदगी बिता रहा था। यहीं झोपड़ी डालकर काफी समय से रह रहा था। गांव-गांव जाकर मूर्तियां बेचता था। रविवार को मूर्तिया बेचने के लिए वह अलीगंज के गैनी में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में गया था। असिन की बहन ईनीसना ने पुलिस को की शिकायत में बताया है कि गैनी के साप्ताहिक बाजार में वसूली करने वाला ठेकेदार ने उसे पकड़ लिया था। फोन चोरी का आरोप लगाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीट-पीटकर भाई को मार डाला।

किशोर का शव एक गड्ढे से मिला, पानी भरे इस गड्ढे में वह औंधे मुंह पड़ा हुआ था और हाथ बंधे हुए थे। आशंक जताई जा रही है कि किशोर के हाथ बांधकर उसको गड्ढे में तब तक डुबोया गया जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। फिलहाल पुलिस ने बहन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार