UP : जावेद हबीब और बेटे पर फाइनेंशियल फ्रॉड के 20 मुकदमे दर्ज
संभल, अमृत विचार। संभल के थाना रायसत्ती में पुलिस ने सोमवार को जावेद हबीब, उसके बेटे अनोस हबीब और एक अन्य आरोपी सैफुल के खिलाफ पांच और एफआईआर दर्ज की हैं। अब तक इन पर कुल 20 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। आरोप है कि एफएलसी कंपनी के नाम पर लोगों से मोटी रकम निवेश कराई गई और बाद में रकम लौटाने के बजाय धमकाया गया।
सोमवार को पुलिस के अनुसार, पीड़ितों मौहम्मद सुहेब, मौहम्मद अजीम, आगोशे चमन, हुमा फराज और दिलदार हुसैन की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ धारा 420 व 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि 24 अगस्त 2023 को मीटिंग बुलाकर एफएलसी कंपनी में निवेश पर 70 प्रतिशत मुनाफे का झांसा दिया गया। कहा गया कि नुकसान होता है तो पूरी जिम्मेदारी कंपनी की होगी। इस भरोसे पर लोगों से लाखों रुपये बिटकॉइन में निवेश कराए गए।न बाद में कंपनी बंद कर दी गई और पैसे मांगने पर धमकाया जाने लगा।
एसपी कृष्ण विश्नोई ने बताया कि अब तक 20 मुकदमों में एक करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आ चुकी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि 100 से ज्यादा लोगों से इस तरह का फाइनेंशियल फ्रॉड किया गया है। बताया कि कंपनी की संस्थापक के तौर पर जावेद हबीब की पत्नी का नाम भी सामने आया है। सभी आरोपियों को सीआरपीसी 91 के तहत नोटिस जारी कर कागजात सहित हाजिर होने के लिए कहा गया है।
