Valmiki Jayanti 2025: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित कार्यक्रम का सीएम योगी ने किया शुभारंभ, जानें क्या कहा...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ज्यूपिटर हाल में हुआ। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

cats

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाल्मीकि समाज के लोगों से कहा कि आपकी सुरक्षा समाज की सुरक्षा है, आपका सम्मान भगवान वाल्मीकि की विरासत का सम्मान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी सरकार बड़ा कार्य करने जा रही हैं। सफाई, संविदा कर्मचारी को अब आउटसोर्सिंग कंपनी नहीं, बल्कि सरकार का कॉरपोरेशन सीधे बैंक खाते में पैसा देगा। स्वच्छता कर्मियों को पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा का कवर भी देंगे।

उन्होंने कहा कि जब बैंक खाते में कॉरपोरेशन से पैसा आएगा तो यह व्यवस्था करेंगे कि दुर्भाग्य से किसी सफाई कर्मचारी के साथ घटना-दुर्घटना हुई या वह आपदा की चपेट में आ गया तो बैंक से बात करेंगे कि बैंक के माध्यम से 35-40 लाख रुपये देने की व्यवस्था की जानी चाहिए। 

उप्र के 80 हजार होमगार्ड को यह कवर दे दिया गया है। अब सफाई कर्मचारियों को इस व्यवस्था से जोड़ने जा रहे हैं। एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री आदित्यनाथ मंगलवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर महासभा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने भगवान वाल्मीकि की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। कार्यक्रम में लघु फिल्म भी दिखाई गई। योगी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारत के महापुरुषों की परंपरा के भाग्य विधाता हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा शासन के समय में सफाई कर्मचारियों का शोषण होता था।  इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सांसद दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मंत्री जयवीर सिंह, मेयर सुषमा खर्कवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-UP News: मुख्यमंत्री आदित्यनाथ, अखिलेश, मायावती ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर देशवासियों को दी बधाई

संबंधित समाचार