Rampur : रामगंगा में नहाने गई किशोरी तेज बहाव में बही, डूबने से मौत के बाद मचा कोहराम
रामपुर,अमृत विचार। रामगंगा में डूबने से 15 साल की किशोरी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पटवाई थाना क्षेत्र के गांव भईयानगला निवासी मुस्कान 15 वर्ष सोमवार को अपनी सहेलियों के साथ रामगंगा में नहाने गई थी। स्नान के दौरान चार किशोरियां गहरे पानी में डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने आनन फानन में मौके पर पहुंचकर तीन किशोरियों को सुरक्षित बचा लिया लेकिन, मुस्कान पानी के तेज बहाव में बह गई।
स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। कई घंटों के अथक प्रयास के बाद, देर शाम को मुस्कान का शव घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर नदी में मिला। किशोरी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। बताया कि मुस्कान अपने पिता बबलू की तीन पुत्रियों और एक पुत्र में सबसे बड़ी थी। इस दुखद हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
