बहराइच में अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के खैरीघाट इलाके में पुलिस ने अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुये दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मिली सूचना के अनुसार, रामपुर धोबियाहार ग्राम के मजरा बाबू पुरवा स्थित बुद्धि सागर विश्वकर्मा के घर में अवैध असलहों का निर्माण किया जा रहा था।
इस सूचना पर खैरीघाट थाना प्रभारी राशिद खान के नेतृत्व में उप निरीक्षक बेचन प्रसाद, मनोज यादव और अन्य पुलिस कर्मियों ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन निर्मित और तीन अर्धनिर्मित तमंचे तथा उन्हें बनाने के उपकरण बरामद किए।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों, बुद्धि सागर और अरमान, के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
