बाराबंकी में रफ्तार का कहर : रोडवेज बस की टक्कर से वैन सवार 11 घायल, चार की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। मंगलवार दोपहर रोडवेज बस व ईको वैन में आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ईको वैन सवार 11 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को रामनगर व बड़ागांव सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार लखनऊ से बहराइच की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने ग्राम सुरवारी के पास विपरीत दिशा से आ रही ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दंपति सहित 11 लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई, वहीं दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घायलों में सरोज पत्नी रामकुमार निवासी बसंतपुर (गोंडा), गोविंद पुत्र प्रेम (रामगांव बहराइच), चंदन पुत्र इंस्पेक्टर गोस्वामी (करनैलगंज), रामरती व इनके पति उधवराम (तिवारी बाजार तरबगंज), अरुण पुत्र पारस व पुत्री रेशमा (ललपुरवा), अग्रेंज (जरवल रोड), उषा पत्नी लक्ष्माराम (चैनपुरवा करनैलगंज), अलखराम पुत्र शंभू (परसौना) तथा एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

बेकाबू बाइक गिरी, मां-बेटा घायल

रामसनेहीघाट। मंगलवार को लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर बाइक पर सवार महिला का दुपट्टा पिछले पहिए में फंस गया। हादसे में महिला और उसका तीन वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। तहसील क्षेत्र के बड़ी छंदवल गांव निवासी इरफान अपनी पत्नी खुशबू (22) और तीन वर्षीय बेटे अफजल के साथ बाइक से भिटरिया जा रहे थे।

गांव से कुछ ही दूरी पर हाईवे पर खुशबू का दुपट्टा अचानक बाइक के पिछले पहिए में फंस गया, बाइक बेकाबू होने से महिला बेटे समेत सड़क पर गिर पड़े। हादसा दुपट्टा पहिए में फंसने से हुआ। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट भेजवाया। 

नहीं पहुंची एंबुलेंस, युवक ने तोड़ा दम

सूरतगंज। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के पर्वतपुर गांव निवासी दुर्गेश अवस्थी की बाइक सोमवार की रात अनियंत्रित होकर पलट गई। राहगीरों ने करीब आधा घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार किया, लेकिन वह नहीं पहुंची।

घायल अवस्थी को ई-रिक्शे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूरतगंज लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार ने सिस्टम की लापरवाही को लेकर नाराजगी जताई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजर्षि त्रिपाठी ने कहा कि एंबुलेंस के न पहुँचने का कारण पता कर उच्च अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।

ट्रैक्टर की टक्कर से वृद्धा की मौत 

फतेहपुर। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दवा लेकर घर जा रही वृद्धा को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मंगलवार को सुशीला 65 पत्नी साहबदीन बेलहरा से दवा लेकर घर वापस लौट रही थीं।

तभी कैथा गांव के पास ही ट्रैक्टर चला रहे नाबालिग कृष्णा पुत्र रेनू वर्मा ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के लिए ले जाने से पहले ही दम तोड़ दिया। दोनों पक्षों में सुलह की चर्चा है।

संबंधित समाचार