बदायूं : पिकअप में ट्रक की टक्कर, रामलीला के 8 कलाकार घायल
दिल्ली राजमार्ग पर मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव बसवानपुर के पास हुआ हादसा
उझानी/मुजरिया, अमृत विचार: बदायूं-दिल्ली राजमार्ग पर खड़े पिकअप में पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार रामलीला के 8 कलाकार घायल हो गए। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।
हादसा राजमार्ग पर मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव बसवानपुर स्थित सीएनजी पेट्रोप पंप के पास मंगलवार सुबह लगभग साढ़े चार बजे हुआ। रामलीला में काम करने वाले कलाकार पिकअप से सहसवान से उझानी की ओर आ रहे। पंप के पास किसी काम से पिकअप रोक ली गई। पीछे से तेज रफ्तार से आए ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। पिकअप सवार मयंक शुक्ला पुत्र सर्वेश शुक्ला, देव कुमार पुत्र दुर्गा प्रसाद, अमरचंद, रोहित चौधरी, कान्हा उपाध्याय, अजय गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि मोनी पुत्र देवी सिंह, उमेश उपाध्याय को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा। कलाकार जिला मथुरा के नौझील बंझना से उझानी के अब्दुल्लागंज की रामलीला में आ रहे थे। पुलिस ट्रक की तलाश कर रही है।
