UP : रामपुर पहुंचे अखिलेश यादव ने आजम खां से की मुलाकात, सपा कार्यकर्ताओं का हुजूम भी उमड़ा
रामपुर अमृत विचार। सपा सुप्रीमो और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को रामपुर पहुंचे। उनके आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। रामपुर पहुंचते ही जौहर यूनिवर्सिटी से उन्होंने सीधा आजम खान के घर का रुख किया। एक कार में बैठकर आजम खान और अखिलेश यादव आजम के घर पहुंचे।
अखिलेश यादव का रामपुर दौरा पहले से प्रस्तावित था। आजम खान के जेल से छूट के आने के बाद ये अखिलेश यादव की उनसे पहली मुलाकात है। इस मुलाकात के कई राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। जेल से छूटने के बाद आजम से मुलाकात नहीं करने पर अखिलेश पर लगातार सवाल दागे जा रहे थे, मगर इस मुलाकात के बाद इन सभी सवालों पर विराम लगना तय माना जा रहा है। बुधवार को आजम खां के घर के बाहर अखिलेश यादव उनके साथ दिखे। जौहर यूनिवर्सिटी में आजम खान ने अखिलेश को रिसीव किया। इसके बाद दोनों एक साथ घर पहुंचे। इस बीच कार्यकर्ताओं का भी भारी जमावड़ा था।
इससे पहले आजम खान से मिलने रामपुर जा रहे अखिलेश यादव का विमान बरेली एयरपोर्ट पर उतरा। पहले अखिलेश को सड़क मार्ग के जरिए बरेली से रामपुर आना था। मगर बरेली प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। लिहाजा बाद बरेली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह हेलिकॉप्टर से रवाना हुए। एयरपोर्ट से पहले ही सपा कार्यकर्ताओं को रोक दिया गया। हालांकि बाद में पांच लोगों को अखिलेश यादव से मिलने के लिए भेजा गया। जिसमें सपा सांसद नीरज मौर्य, विधायक शहजिल इस्लाम, विधायक अताउर रहमान, जिलाध्यक्ष शिवरण कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी शामिल रहे।
