दीप, सरयू आरती संग ड्रोन शो में ड्रोन की संख्या का भी बनेगा रिकॉर्ड, तैयारी को लेकर पर्यटन मंत्री ने की बैठक, दी जानकारी
अयोध्या, अमृत विचार: पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को आयुक्त सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि इस दीपोत्सव में प्रज्ज्वलित दीपों की संख्या, ड्रोन शो में ड्रोन की संख्या व पूज्य संतों से सामूहिक सरयू आरती का गिनीज बुक का नया रिकॉर्ड बनाया जाएगा। बैठक और पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस दीपोत्सव को पहले से और भव्य व दिव्य रूप में आयोजित किया जाएंगा। समीक्षा के दौरान कहा कि दीपोत्सव के लिए जो भी वेंडर, लाइट, ड्रोन आदि की अनुमति समय से संबंधित को प्रदान कर दी जाएं।
दीपोत्सव के सजीव प्रसारण के लिए जिले के विभिन्न स्थान पर एलईडी वैन, एलइडी डिस्प्ले बोर्ड व फिक्स्ड एलईडी के माध्यम से कार्यक्रम का सजीव प्रसारण और सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार प्रसार कराया जाए। दीपोत्सव मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाए। बताया कि इस साल शोभा यात्रा के दौरान रामायण की थीम पर आधारित सात झांकियां पर्यटन एवं संस्कृति विभाग से और 14 झांकियां सरकार की उपलब्धियां पर आधारित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से निकाली जाएगी।
कहा कि दीपोत्सव से एक दिन पूर्व शोभायात्रा/झांकियां का अभ्यास मुख्य दिवस के आयोजन की तरह किया जाए। दीपोत्सव में प्रतिभाग करने वाले स्वयंसेवक निर्धारित ड्रेस कोड में अपने स्थल पर समय पर उपस्थित रहे। उन्होंने ट्रैफिक प्लान, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, मुख्य अतिथियों के आदर सत्कार व रहने की व्यवस्था, सरयू आरती स्थल पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, आमंत्रण पत्र/कार्ड, ग्रीन आतिशबाजी, अग्निशमन, सुरक्षा यंत्रों की व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वास्थ्य व आकस्मिक चिकित्सा सुविधा आदि पर भी समीक्षा की। जनप्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए।
बैठक में विधायक सदर वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रुदौली रामचन्द्र यादव, विधायक बीकापुर अमित सिंह, विधायक मिल्कीपुर चन्द्रभानु पासवान, प्रमुख सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ अमृत अभिजात, विशेष सचिव पर्यटन इशा प्रिया, उपाध्यक्ष एडीए अश्विनी पांडे, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर निदेशक सूचना अरविंद कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़े :
