सुलतानपुर : नहर हादसे में लापता युवक का तीसरे दिन मिला शव
बल्दीराय/सुलतानपुर, अमृत विचारः बल्दीराय थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले हुई दर्दनाक नहर दुर्घटना में लापता युवक का शव आखिरकार गुरुवार को बरामद हो गया। जानकारी के अनुसार अयोध्या जनपद के कुमारगंज निवासी पप्पू यादव का शव शारदा सहायक खंड-16 नहर में पूरे छेदी सिंह, बल्दीराय बाजार के पास मिला।
मंगलवार की देर रात दक्खिन गांव के समीप एक स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई थी। कार में चार लोग सवार थे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
वहीं, पप्पू यादव हादसे के बाद से लापता थे। लगातार तीन दिनों तक चले रेस्क्यू और खोज अभियान के बाद गुरुवार को उनका शव नहर से बरामद किया जा सका। सूचना पर पहुंची बल्दीराय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव व आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
