जौनपुर : चिकित्सक को हिस्ट्रीशीटर ने मारी गोली, ग्रामीणों में हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मीरगंज क्षेत्र में गुरुवार को एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने गांव में प्राइवेट प्रैक्टिस कर रहे एक होम्योपैथिक चिकित्सक को गोली मार दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चिकित्सक को मछलीशहर सीएचसी में भर्ती कराया जबकि बदमाश की तलाश की जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मोलनापुर गांव निवासी राज सिंह चौहान (50) होम्योपैथिक चिकित्सक है, उनकी डिस्पेन्सरी गोधना बाजार में है। बृहस्पतिवार दोपहर 12.15 बजे वह अपने घर पर थे, तभी गांव का ही मीरगंज थाने का हिस्टीशीटर करन चौहान मौके पर पहुंचा और कुछ बातचीत करने के बाद निशाना बनाकर फायर कर दिया और भाग गया। गनीमत रही कि गोली राज सिंह को छूती हुई निकल गयी।

गोली चलने पर गाँव के लोग इकट्ठा हो गये और पुलिस को सूचना दी सूचना मिलते ही 10 मिनट में ही मौके पर थानाध्यक्ष मीरगंज विनोद अंचल एसआई मुन्नी लाल कन्नौजिया एसआई माया शंकर एसआई मैयादीन पुलिस कर्मियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने घायल राज सिंह को इलाज के लिए मछलीशहर सीएचसी भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है।

थानाध्यक्ष मीरगंज विनोद अंचल का कहना है कि मोलनापुर गाँव का करन चौहान थाने का हिस्टीशीटर है पुरानी रंजिश में उसने गाँव के ही राज सिंह पर गोली चला दी। राज सिंह चौहान की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर रही है और जगह जगह दबिश दी जा रही है। करन पर मीरगंज सहित अन्य थानो में 14 से अधिक आपराधिक मुकदमा दर्ज है। वह अक्सर भदोही व प्रयागराज मे रहता है। 

संबंधित समाचार