बाराबंकी : आंचल बनी एक दिन की बीडीओ, दिखाई मजबूत नेतृत्व क्षमता
टिकैतनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। ब्लॉक पूरेडलई मुख्यालय पर गुरुवार को ग्राम पंचायत सिकरीजीवल की कक्षा आठ की छात्रा आंचल को एक दिन का खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को नेतृत्व, प्रशासन और जिम्मेदारियों की समझ देना रहा।
आंचल ने न केवल बीडीओ के दायित्वों को बखूबी निभाया, बल्कि जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्याएं भी गंभीरता से सुनीं और त्वरित समाधान के निर्देश दिए। ग्राम फत्तापुर कला से आई शिकायत पर आंचल ने संबंधित सचिव को फोन कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने अनुपस्थित सफाईकर्मियों को कड़ी फटकार लगाते हुए अनुशासन का पाठ पढ़ाया। बाद में उन्होंने सचिवों के साथ मीटिंग कर विकास कार्यों की समीक्षा की और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए। बीडीओ शिवजीत ने आंचल को प्रशासनिक कार्यों की बारीकियाँ समझाईं।
आंचल ने बताया कि वह भविष्य में आईपीएस बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं और इस अनुभव ने उन्हें और अधिक प्रेरित किया है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारी और कर्मचारी आंचल की नेतृत्व क्षमता से प्रभावित नजर आए। मिशन शक्ति की यह पहल बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम साबित हुई।
