अयोध्या में बारुदी धमाके में पांच की मौत... मकान जमींदोज, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, JCB से हटवाया जा रहा मलबा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार: पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कल्याण भदरसा मजरे पगलाभारी गांव निवासी राम कुमार के घर में गुरुवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे हुए जोरदार धमाके में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो मंजिला मकान ढह गया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। यहां इमरजेंसी में मौजूद डॉ. आशीष पाठक ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक ही परिवार को चार लोग बताए गए है। इनमें तीन बच्चे हैं। घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है।

मसौधा प्रतिनिधि के मुताबिक मृतकों में मकान मालिक राम कुमार गुप्ता उर्फ पप्पू गुप्ता (35), उसकी पुत्री ईशी (12) , पुत्र लव यश गुप्ता(8) और लव (6) के अलावा एक मजदूर राम सजीवन निषाद (45) की मौत हुई है। विस्फोट घर में रखे बारूद के कारण होने की आशंका है। चर्चा है कि राम कुमार पटाखा बनाने का कारोबार करता था। छोटे धमाके वाले पटाखे बनाने के लिए आज भी काम हो रहा था। इसी दौरान विस्फोट हुआ। डीएम निखिल टी. फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित प्रशासन और पुलिस के अफसर घटना स्थल पर पहुंच गये। 

कुछ अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है। जेसीबी से मलबा हटवाया जा रहा है। मकान मालिक की एक महिला रिश्तेदार के भी लापता होने की चर्चा। जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने विस्फोटक सामग्री से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर विस्फोट हुआ वहां किचन के बर्तन और सिलेंडर मिले हैं। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। इसके पहले भी राम कुमार गुप्ता के घर में विस्फोट हुआ था। इसमें उसकी मां और पत्नी के साथ एक किशोरी की मौत हो गई थी। वहीं देर रात विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।

दूर तक तक सुनी गई धमाके की आवाज

थाना पूराकलंदर क्षेत्र के पगलाभारी गांव में गुरुवार शाम हुए विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई पड़ी। अफरा-तफरी और चीख-पुकार मची। बीकापुर में जाना बाजार रोड के एक घर में विस्फोट के पांच दिन के भीतर यह दूसरा विस्फोट है। दोनों घटनाओं में छह लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन बच्चे शामिल हैं। आशंका है कि मसौधा के इस घर में दीपावली के लिए पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान विस्फोट हुआ। धमाके की गूंज लखनऊ तक पहुंची है। मामले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है।

बीकापुर के बाद पांच दिन में दूसरा धमाका, छह की हो गई मौत

राम कुमार गुप्ता का यह मकान गांव से बाहर खेतों में बना है। यहां आसपास मकान नहीं है। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं धमाके की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि घर के लोगों की बॉडी 10 से 15 फिट की दूरी पर गिरी। हालांकि अभी जांच की जा रही है। डीएम निखिल टी. फुंडे ने पूरे मामले की जांच की बात कही।

एसएसपी डॉ. ग्रोवर ने कहा कि अभी यह साफ नहीं हुआ है कि धमाका किन कारणों से हुआ। प्रथम दृष्टया किचन के बर्तन और सामान टूटे मिले हैं। फोरेंसिक टीम के साथ दूसरी जांच की टीमें लगाई गई है। रिपोर्ट आने के बाद सही जानकारी होगी। देर रात तक जेसीबी मशीनें मलबा हटाने में जुटी रहीं। एसएसपी ने बताया कि खेतों में भी जांच कराई जा रही है। 

सर्च ऑपरेशन अभी चल रहा है। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। खासकर जब चार दिन पहले ही बीकापुर में इसी तरह के धमाके की जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटे जैसी स्थिति है।

ये भी पढ़े : 

लोहिया संस्थान में आउटसोर्सिंग कर्मियों का प्रदर्शन, बोनस न मिलने पर की नारेबाजी 

 



संबंधित समाचार

टॉप न्यूज