Bareilly : खानकाह-ए-नियाजिया में जश्ने चिरागा में दिखी गंगा जमुना तहजीब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बिहारीपुर ख्वाजा कुतुब में स्थित खानकाह-ए-नियाजिया में शुक्रवार को बड़े चिरागा में बड़ी संख्या में लोग मन्नतों के चिराग रोशन करने के लिए पहुंचे। महिलाओं ने शाम 5 बजे से ही चिराग रोशन करने के लिए लंबी लाइनें लगाकर अपनी बारी का इंतजार किया।

कोई औलाद के लिए तो कोई मां-बाप की लंबी उम्र के दुआ के लिए लाइन में लगा।चिराग रोशन करते हुए अकीतदमंद की आंखों में आंसू नजर आए। रात 8 बजे चिराग रोशन करने वालों की भीड़ से खानकाह का परिसर खचाखच भर गया। हिंदू-मुसलमान समेत सभी धर्म के लोग अपनी मन्नत के चिराग रोशन करने पहुंचे।

प्रबंधक जुनैदी मियां नियाजी ने बताया कि गौस पाक के नाम से होने वाले चिराग का नजर अनोखा व निराला नजर आया। खानकाह में चारों तरफ चिराग रोशन होते हुए नजर आए। सज्जादानशीन मेहंदी मियां देर रात तक लोगों को चिराग बांटते रहे। कव्वाली के बाद देर रात गौसुल आजम और हजरत महबूब ए इलाही निजामुद्दीन औलिया का कुल शरीफ मनाया गया।

कुल शरीफ की रस्म में देश में अमन चैन और भाईचारे की दुआ की गई। खानकाह में होने वाली भीड़ के मद्देनजर पुलिस फोर्स भी लगातार क्षेत्र में पैदल गश्त करके सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेती रही। शुक्रवार को बड़े चिरागा के साथ दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन हो गया।

संबंधित समाचार