Bareilly : मुठभेड़ में ढेर शैतान का शव लेने तक नहीं पहुंचा परिवार, मानवाधिकार आयोग को भेजी रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई डकैती के मामले में पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुए एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात डकैत जगत भट्टा ग्राम भूपखेड़ी थाना टीला मोड़ गाजियाबाद निवासी इफ्तेकार उर्फ शैतान का शव लेने परिवार का कोई भी सदस्य अभी तक बरेली नहीं पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसे दो गोली लगने की पुष्टि हुई। जो दो गोली उसे लगी थीं, दोनों उसके शरीर के आर-पार हो गई थीं। उधर, पुलिस ने मुठभेड़ की फाइल (रिपोर्ट) मानवाधिकार आयोग को भेज दी है। वहां पर फाइल रिसीव भी हो गई है।

बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के उदयपुर जसरथपुर गांव निवासी किसान केसर खां के परिजनों को नकाबपोशों ने करीब एक साल पहले बंधक बनाकर डकैती डाली थी। बदमाश हथियारों के दम पर करीब 20 लाख रुपये के जेवर समेत अन्य सामान लूटकर ले गए थे। इस मामले में चार अक्टूबर को पुलिस ने ग्राम कुआं डंडा नहर पटरी के पास मुठभेड़ में आदमपुर थाना भोजपुर मुरादाबाद निवासी अफताब उर्फ सैफ और सम्शीपुर थाना मदनापुर शाहजहांपुर के देवेंद्र को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ में शैतान की जानकारी मिली थी। शैतान की गिरफ्तारी के लिए एडीजी रमित शर्मा की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस और एसओजी ने गुरुवार तड़के करीब 5.30 बजे नैनीताल हाईवे किनारे बिलवा पुल के पास डकैत शैतान की घेराबंदी कर मुठभेड़ में ढेर कर दिया।

पुलिस के अनुसार शैतान पर सात जिलों में हत्या-डकैती समेत 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से 28 राउंड फायरिंग की गई थी। इसमें पुलिस की दो गोलियां शैतान को लगी थीं। पुलिस ने शुक्रवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दोनों गोलियां शैतान का जिस्म फाड़ते हुए आर-पार हो गई थीं। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव मोर्चरी में रखा गया है, लेकिन अभी तक उसका शव लेने परिवार का कोई भी सदस्य नहीं पहुंचा है। पुलिस का मानना है कि परिवार के लोगों को भी डर है कि कहीं उनकी गिरफ्तारी न कर ली जाए, क्योंकि परिवार के अधिकांश सदस्यों का आपराधिक इतिहास है। शैतान की कई आपराधिक वारदातों में उन्होंने पूरा साथ दिया है। हालाकि, पुलिस ने मुठभेड़ की रिपोर्ट मानवाधिकार आयोग को भेज दी है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुए एक लाख रुपये के इनामी डकैत इफ्तेकार उर्फ शैतान के परिवार का कोई भी सदस्य अभी तक शव लेने के लिए नहीं पहुंचा है। मुठभेड़ की रिपोर्ट मानवाधिकार को भेज दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शैतान को दो गोली लगने की पुष्टि हुई है।

संबंधित समाचार