Moradabad: डेटिंग एप पर झांसे में लेकर दो युवकों से लूट, चार आरोपी गिरफ्तार
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। डेटिंग एप के जरिए हनी ट्रैप का शिकार बने दो युवकों से रुपये और मोबाइल लूट लिए गए। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर और ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज गांव निवासी चार आरोपियों ने डेटिंग एप पर फर्जी अकाउंट बना बोवदवाला व स्योहारा के दो युवकों को लड़कियों की तस्वीरें भेजी। शनिवार को यह कहकर बुलाया कि उन्हें युवतियों से मिलने का मौका मिलेगा।
आरोपियों ने दोनों युवकों को रमनावाला रोड स्थित मकान में ले जाकर पीटा और हजारों रुपये व मोबाइल फोन लूट लिए। पीड़ितों ने भागकर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
