UP News: लोगों को नशे में झोकने के लिए रेस्टोरेंट में फिर शुरू हुआ हुक्का बार, दो गिरफ्तार चार हुक्के समेत अन्य सामान बरामद
लखनऊ, अमृत विचार: सैरपुर स्थित सरस्वती पेट्रोल पंप के पीछे सिस्टम कैफे एंड रेस्टोरेंट में दोबारा हुक्का बार चलने की सूचना पर पुलिस ने शुक्रवार रात छापा मारा। पुलिस ने घेराबंदी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से चार हुक्के, चिलम, पाइप, फ्लेवर्ड तंबाकू, चारकोल समेत अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसओ मनोज कुमार कोरी ने बताया कि सीतापुर रोड स्थित सिस्टम कैफे एंड रेस्टोरेंट में अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होने की सूचना पर उपनिरीक्षक अनुज कुमार गुप्ता ने टीम के साथ छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही कई युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दो आरोपियों आदर्श वर्मा उर्फ कुमार निवासी लखीमपुरखीरी और अनुज कुमार निवासी थानगांव सीतापुर को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसओ ने बताया कि रेस्टोरेंट में नाबालिगों को भी हुक्का पिलाया जा रहा था। पूछताछ में पता चला कि संचालक कम उम्र के छात्रों को लाइसेंस होने का झांसा देकर बार में प्रवेश देता था। कई बार स्कूल ड्रेस में आए छात्रों को भी हुक्का पिलाया गया।
5 सितंबर को भी हुई थी रेड
5 सितंबर को भी इसी हुक्का बार में छापेमारी कर संचालक दीपक सिंह निवासी फैजुल्लागंज, शिवम रस्तोगी निवासी रेउसा (सीतापुर), अनुज कुमार निवासी थानगांव और दीपू कुमार निवासी अहमदपुर खेड़ा (इटौंजा) को गिरफ्तार किया गया था। जमानत पर छूटने के बाद दीपक ने दोबारा रेस्टोरेंट में हुक्का बार शुरू कर अनुज को काम पर रख लिया था।
यह भी पढ़ेंः
