Moradabad : शादी की खरीदारी करने जा रहीं मां-बेटी की सड़क हादसे में मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। शादी की तैयारियों के बीच शनिवार को दर्दनाक हादसे में मां-बेटी की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ननद, ननदोई और भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को लेकर चले गए।
जनपद के थाना कांठ क्षेत्र के गांव मघपुरी इनायतपुरी निवासी नौशाद की पत्नी राशिदा खातून (27) अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी आफरीन को लेकर ननदोई नजाकत अली, ननद राशिदा और भांजी साईवा निवासी दबका नन्हेड़ा थाना अमरोहा देहात के साथ भतीजे सरफराज की शादी की खरीदारी के लिए शनिवार की शाम मुरादाबाद के पाकबड़ा जा रही थीं। जब यह लोग फलैदा मोड़ तेल फैक्ट्री के पास अगवानपुर बाईपास पहुंचे तो पाकबड़ा की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में राशिदा खातून और मासूम आफरीन की मौके पर ही मौत हो गई। ननदोई नजाकत अली, ननद राशिदा और भांजी साईवा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को अंजाम देने वाला चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। सूचना मिलने पर गांव और परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन पोस्टमार्टम और किसी भी कानूनी कार्रवाई के बिना ही शवों को गांव लेकर गए।
