पीसीएस प्री एग्जाम: परीक्षा से गैरहाजिर रहे 7164 परीक्षार्थी, सामान्य अध्ययन के प्रश्नों में उलझाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा के 18 केंद्रों पर दो पालियों में करायी गई पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा

गोंडा, अमृत विचार। लोक सेवा आयोग की तरफ से रविवार को सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा (यूपी पीसीएस) की प्रारंभिक परीक्षा जिले के 18 केंद्रों पर संपन्न हुई। दो पालियों में आयोजित इस प्रारंभिक परीक्षा में 7164 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दोनों पालियों में परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। एसपी विनीत जायसवाल व एडीएम समेत जिला स्तरीय अधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा की निगरानी में लगे रहे। 

यूपी पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे‌।  पीसीएस परीक्षा के लिए जिले के राजकीय इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज व स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज समेत 18 स्कूलों को केंद्र बनाया गया था। सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया था तथा प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर व एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से प्रारंभ हुई। 

परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने से पहले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गयी और उन्हे किसी तरह के इलेक्ट्रॉनिक या अन्य उपकरण साथ ले जाने की इजाजत‌ नहीं दी गयी। पहली पाली में 7488 परीक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल होना था लेकिन इसके सापेक्ष सिर्फ 3920 परीक्षार्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। पहली पाली में 3568 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में भी 3892 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 3596 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 

01

अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, एसपी विनीत जायसवाल व प्रयागराज से आए लोक सेवा आयोग के अधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा का निरीक्षण करते रहे। परीक्षा की निगरानी के लिए राजकीय इंटर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों को सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि दोनों पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण रही। 

जिला विद्यालय निरीक्षक डा रामचंद्र ने बताया कि पीसीएस परीक्षा के दोनों पालियों में 14976 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। जिसमें से पहली पाली में 3920 व दूसरी पाली में 3892 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि देवों पालियों में 7164 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा की निगरानी के लिए बीएसए अतुल तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह समेत अन्य अधिकारी मुस्तैद रहे। 

सामान्य अध्ययन के प्रश्नों में उलझे परीक्षार्थी

अमृत विचार: यूपी पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा के पहली पाली में सामान्य अध्ययन की परीक्षा कराई गई। इसके कई प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को उलझाया। पहली पाल में परीक्षा देकर बाहर निकले सचिन पांडेय ने कहा कि पिछली बार की अपेक्षा इस बार पेपर ठीक था। सामान्य अध्ययन का पेपर था। आठ दस सवाल ऐसे थे जिनमें कुछ दिक्कत थी। 

कुछ सवाल ऐसे थे जो एकदम नहीं आ रहे थे। फिर भी पेपर बहुत अच्छा था। पीसीएस का जो लेवल होना चाहिए उसके मुताबिक ही था। एक अन्य परीक्षार्थी ने कह वह तीन बार परीक्षा दे चुके हैं। एक बार मेंस भी क्लीयर हुआ था और इंटररव्यू भी दिया था। इस बार पेपर ईजी था लेकिन कुछ प्रश्नों के विकल्प बहुत करीबी बना दिए गए थे। ऐसे में उन्हे मिला पाना बड़ा कठिन हो रहा था।

संबंधित समाचार