पीलीभीत: किसान नेता ने SP को बताई आपबीती, बोले- दो-तीन दिन से प्रदर्शन में शामिल हो रहा था आरोपी !

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। गैर जनपद से आ रहे बिचौलियों के धान लदी ट्रैक्टर ट्रॉलियों को रोकने के प्रयास में हुए विवाद के दौरान भाकियू चढ़ूनी के नेता को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज कर विवेचना कर रही है। इसी बीच खुद की जान को खतरा बताते हुए किसान नेता ने एसपी से पूरा घटनाक्रम बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान ये भी बताया कि गोली चलाने वाला नामजद आरोपी तीन दिन से उनके द्वारा आयोजित की जा रही पंचायत और धरना प्रदर्शन में भी किसान बनकर शामिल हो रहा था। फिलहाल एसपी ने साक्ष्य के आधार पर निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

घटना आठ अक्टूबर को हुई थी।   धान खरीद के बीच राइस मिलर द्वारा बाहरी जनपद से आ रहे बिचौलियों के धान की खरीद करने का आरोप लगाते हुए संयुक्त किसान मोर्चा ने पूरनपुर में विरोध प्रदर्शन किया था। मंडी गेट पर तालाबंदी कर जाम लगाया गया। इसके बाद अधिकारियों और राइस मिलर की मौजूदगी में वार्ता चली।  इसे लेकर घटना के दिन दिनभर हंगामा चला। दिन रात निगरानी और उसमें सहयोग का आश्वासन मिलने की बात पर देर शाम आंदोलन को विराम दिया गया था। बताते है कि किसान नेता सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र में गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी के पास निगरानी में थे। तभी बाहरी धान से लदी बिचौलियों की कुछ ट्रैक्टर ट्राली आती दिखी। 

जिसे किसान नेताओं ने रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने कुचलने का प्रयास किया। फायरिंग हुई और भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो के हाथ में गोली लगी। इस मामले में राइस मिलर अजमेर सिंह छीना और गोली चलाने वाले कुलदीप सिंह पन्नू के खिलाफ जानलेवा हमला  करने की रिपोर्ट दर्ज की गई। जिसकी विवेचना चल रही है।  इस प्रकरण में शनिवार को वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अधिकारियों से मुलाकात की गई। इस दौरान आरोपियों से घायल हुए भाकियू चढूनी के जिलाध्यक्ष ने जान का खतरा बताया है।

उन्होंने ये भी बताया कि आरोपी पन्नू उनके द्वारा घटना से पूर्व दो-तीन दिन तक चले आंदोलन में लगातार किसान बनकर भीड़ में शामिल हो रहा था। गोलीकांड उस वक्त नहीं हुआ, जब ट्रैक्टर ट्रॉली रोकी गई थी। उनका सरोपा मौके पर ही गिर गया था। कुछ समय बाद वह अकेले जब उसे तलाशते हुए पहुंचे थे, तब करीब 500 मीटर की दूरी पर उन पर हमला किया गया था। उस वक्त वह अकेले थे, जबकि आरोपी चार थे। उनके घायल होने के बाद आरोपी ने कहा था कि अंकल से कह दो काम हो गया है। 

इसी के चलते उन्होंने राइस मिलर के इशारे पर जानलेवा हमला किए जाने की बात कही है। उन्होंने खुद पर लगाए गए वसूली के आरोपों से भी साफ इन्कार किया है। उधर, इस मामले में राइस मिलर्स ने संबंधित किसान नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उधर, एसपी अभिषेक यादव का कहना है कि विवेचना  चल रही है। घटना से जुड़े कई वीडियो फुटेज भी पुलिस ने जुटाए हैं। साक्ष्य के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई कराई जाएगी।

डिप्टी आरएमओ से की मुलाकात, मिला आश्वासन
हाथ में गोली लगने से घायल हुए भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो ने रविवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचकर इलाज कराया। इसके बाद डिप्टी आरएमओ वीके शुक्ला से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान कई बिंदुओं पर वार्ता के बाद आश्वासन मिला। उन्होंने बताया कि आश्वासन मिला है कि अगर कोई राइस मिलर अवैध करदा कटौती, सीडी कटौती करते पाया गया तो उसके ऊपर जुर्माना डालने के साथ ही मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। इस दौरान सेंटरों की सूची, मंडी नियम की पत्रावलियां,  राइस मिल नियमावली की पत्रावलियां भी मुहैया कराई गई। ये भी बताया कि जल्द ही राइस मिलर्स का स्टॉक भी चेक कराया जाएगा। सरकारी क्रय केंद्रों पर 300 क्विंटल से बढ़ाकर प्रतिदिन तौल की सीमा 600 क्विंटल करने का भी आश्वासन दिया गया है। केंद्रों पर सीसीटीवी भी लगाए जाएंगे, जोकि डीएम की निगरानी में होंगे।

संबंधित समाचार