पीलीभीत: डीजी फॉरेस्ट पहुंचे पीटीआर, चूका बीच समेत सप्त सरोवर का लिया जायजा, 38 वॉच टावरों के लिए सौंपी किट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। डायरेक्टर जनरल वन अनूप सिंह शनिवार को पीलीभीत टाइगर रिजर्व पहुंचे। उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव वन के साथ पीलीभीत टाइगर रिजर्व के चूका बीच, सप्त सरोवर आदि का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था भी परखी। वन अफसरों से वन एवं वन्यजीव के संबंध में जानकारी लेने के साथ आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विश्व प्रकृति निधि की ओर से टाइगर रिजर्व के वॉच टावरों के लिए वॉच टावर किट वन अफसरों को सौंपी। इस दौरान उन्होंने टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

भारत सरकार के डायरेक्टर जनरल वन अनूप सिंह बीते शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर पीलीभीत टाइगर रिजर्व पहुंचे। उनके साथ आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव वन कांती भी थे। मुस्तफाबाद वन विश्राम गृह में पहुंचने पर वन अफसरों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद डायरेक्टर जनरल वन एवं मुख्य सचिव वन ने डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह के साथ जंगल का भ्रमण कर वन एवं वन्यजीव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बराही रेंज स्थित चूका बीच, सप्त सरोवर, बाइफरकेशन समेत अन्य स्थानों पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 

वन अफसरों से वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़े कई अन्य बिंदुओं पर जानकारी ली और वन अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। डायरेक्टर जनरल वन एवं मुख्य सचिव वन ने मुस्तफाबाद वन विश्रामगृह में रात्रि विश्राम किया। सामाजिक वन प्रभाग के डीएफओ भरत कुमार डीके, उप प्रभागीय वनाधिकारी रमेश चौहान, विश्व प्रकृति निधि के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी नरेश कुमार, महोफ रेंज के क्षेत्रीय वनाधिकारी सहेंद्र यादव समेत सभी रेंजों के क्षेत्रीय वनाधिकारी एवं वनकर्मी मौजूद रहे।

बांटी वॉच टावर किट, बोले-पीटीआर का सराहनीय प्रयास
इधर शनिवार शाम डायरेक्टर जनरल वन अनूप सिंह की अध्यक्षता में मुस्तफाबाद वन विश्राम गृह पर किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने मुख्य सचिव वन आंध्रप्रदेश के साथ विश्व प्रकृति निधि भारत (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ ) की ओर से पीलीभीत टाइगर रिजर्व के 38 वॉच टावरों के लिए वॉच टावर किट वन अफसरों को सौंपी। इस दौरान डायरेक्टर जनरल वन ने कहा कि मैनें देखा है कि पीलीभीत में वन वॉचर विषम परिस्थतियों में दुर्गम स्थानों पर कार्य करते है। पीलीभीत टाइगर रिजर्व का यह सराहनीय कदम हैं। विश्व प्रकृति निधि पीलीभीत टाइगर रिजर्व को यह सहायता उपलब्ध करा रहा है। इससे निश्चित ही वनकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अपना कार्य को और अधिक उत्साह के साथ कर सकेंगे। कार्यक्रम में पीलीभीत टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर मनीष सिंह ने बताया कि विश्व प्रकृति की ओर से वॉच टाचरों के लिए किट प्रदान की गई है। इसमें गद्दा, चादर, कुर्सी-मेज, सोलर लैंप, वाटर फिल्टर, मच्छरदानी, हैंडपंप, पोर्टेबल शौचालय समेत बर्तन दिए गए हैं। जोकि वॉच टावरों पर तैनात वनकर्मियों के खासे उपयोगी साबित होंगे।

संबंधित समाचार