कानपुर : पंचर वाले के खाते से 53 लाख का संदिग्ध लेनदेन, जांच चालू
मेडिकल स्टोर संचालक ने खाता खुलवाकर डेबिड कार्ड व पासवर्ड लिया
कानपुर, अमृत विचार। कल्याणपुर में शातिरों ने पंचर दुकानदार और उसकी पत्नी का बैंक खाता खुलवा दिया। सत्यापन का झांसा देकर डेबिट कार्ड बनवाया और पासवर्ड ले लिया। दंपती के खातों से 53 लाख का संदिग्ध लेनदेन हुआ। इतनी बड़ी रकम के लेनदेन पर दंपती डर गए और पुलिस से साइबर फ्राड की शिकायत की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें मेडिकल स्टोर संचालक की संदिग्ध भूमिका पर पुलिस ने जांच शुरू की है।
मूलरूप से औरैया के बेला निवासी धर्मेंद्र कुमार कल्याणपुर के कश्यपनगर में पत्नी पिंकी व परजनों के साथ रहता है। धर्मेंद्र पंचर की दुकान चलाता है। उसके अनुसार पड़ोसी बंशी मेडिकल स्टोर संचालक रवि गुप्ता ने उसे पांच हजार रुपये प्रति खाते का लालच देकर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में उसका व उसकी पत्नी पिंकी का खाता खुलवा दिया।
आरोप है मेडिकल स्टोर संचालक ने जांच व सत्यापन के नाम पर डेबिट कार्ड, पासबुक, नया सिम और पासवर्ड ले लिए। जब उसे संदेह हुआ तो वह बैंक गया, जहां उसे सच्चाई पता चली तो उसके होश उड़ गए। पता उसके खाते में करीब 37 लाख रुपये आए, जिनमें से 32 लाख अलग-अलग समय पर निकालें गए।
उनकी पत्नी के खाते में 16 लाख रुपये आए, यह रकम पूरी निकाल ली गई है। डरकर पीड़ित ने थाने में शिकायत कर और दोनो खातों का प्रयोग साइबर फ्राड लिए किए जाने की आशंका जताई। इस पर पुलिस ने आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक रवि गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक की एक महिला रिश्तेदार महाराष्ट्र के एक जिले में सरकारी बैंक में कार्यरत है। इसकी साजिश उसी ने रची है। कल्याणपुर थाना प्रभारी अजय प्रकाश ने बताया कि जांच की जा रही है।
निवेश का झांसा देकर 1.20 लाख ठगे
कल्याणपुर में जालसाजों ने महिला को शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 1.20 लाख की ठगी की। कल्याणपुर की रहने वाली सुनीता सिंह ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले एक अंजान ने व्हाट्सएप कॉल से उनसे संपर्क किया और शेयर मार्केट में निवेश कर ठीक मुनाफे का लालच दिया। उसकी बातों में आकर बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कई बार में 1.20 लाख रुपये जमा कराए।
पीड़िता ने जब निवेश का मुनाफा मांगा तो ठगों ने टालमटोल की। कहा कि और रुपये जमा करो, तभी पिछला पैसा वापस होगा। इस पर ठगी का अहसान हुआ। उसके बाद पीड़िता ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और थाने में तहरीर दी। कल्याणपुर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। और मामले की जांच कर रही है।
