Women's World Cup: हीली की दमदार पारी ने भारत की जीत पर लगाई ब्रेक, मुश्किल में सेमीफाइनल की राह 

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

विशाखापत्तनम: कप्तान एलिसा हीली की 142 रनों की शानदार पारी और अनाबेल सदरलैंड के पांच विकेट की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को महिला विश्व कप में भारत को तीन विकेट से हराकर उसकी सेमीफाइनल की उम्मीदों को झटका दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 331 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए वनडे क्रिकेट में पहली बार 300 से अधिक रनों का लक्ष्य हासिल किया। हीली ने 107 गेंदों में 21 चौके और तीन छक्के लगाए, जबकि चोट के बाद वापसी करने वाली एलिसे पैरी ने स्नेह राणा के खिलाफ छक्का जड़कर एक ओवर शेष रहते जीत दिलाई। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 2022 में भारत के खिलाफ ही 278 रनों का लक्ष्य हासिल कर यह रिकॉर्ड बनाया था।

भारत ने स्मृति मंधाना (80) और प्रतिका रावल (75) की 155 रनों की शुरुआती साझेदारी की मदद से विश्व कप में अपना सर्वोच्च स्कोर 330 रन बनाया। हालांकि, सदरलैंड ने 9.5 ओवर में 40 रन देकर पांच विकेट लिए और भारत की पारी को 48.5 ओवर में समेट दिया। भारत ने अंतिम छह विकेट 36 रनों के भीतर गंवाए, जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा। हरलीन देयोल (38), जेमिमा रोड्रिग्स (33) और रिचा घोष (32) ने उपयोगी योगदान दिया, लेकिन निचला क्रम विफल रहा।

स्मृति ने 66 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्के लगाकर 5000 वनडे रन पूरे किए और एक कैलेंडर वर्ष में 1000 रन बनाने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनीं, जो ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क का 28 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सोफी मोलिनू ने 10 ओवर में 75 रन देकर तीन विकेट लिए।

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी में हीली और फीबी लिचफील्ड ने 85 रनों की शुरुआती साझेदारी की। भारत की ओर से स्थानीय स्पिनर श्री चरणी ने 10 ओवर में 41 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि दीप्ति शर्मा को दो विकेट मिले। भारत को अब सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ अपने बचे हुए तीनों मैच जीतने होंगे और अन्य परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा।

संबंधित समाचार