बरेली: किसान आंदोलन उग्र हुआ तो सभी टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात
बरेली,अमृत विचार। कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हजारों की संख्या में कई राज्यों के किसान आंदोलन कर रहे हैं। दिल्ली में किसानों का आंदोलन उग्र होते देख जिला पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। किसानों के दिल्ली बार्डर पर कई टोल प्लाजा पर कब्जा करने और टोल मुक्त रखने की खबरें जब …
बरेली,अमृत विचार। कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हजारों की संख्या में कई राज्यों के किसान आंदोलन कर रहे हैं। दिल्ली में किसानों का आंदोलन उग्र होते देख जिला पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। किसानों के दिल्ली बार्डर पर कई टोल प्लाजा पर कब्जा करने और टोल मुक्त रखने की खबरें जब जिले में फैली तो अधिकारी और सजग हो गये। जनपद के सभी टोल प्लाजा पर भी पुलिस पिकेट तैनात कर दी गयी है। अधिकारी भी निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस पिकेट व्यवस्था परखने के लिये अपर पुलिस महानिदेशक जोन अविनाश चंद्र शनिवार दोपहर फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के टोल प्लाजा पहुंचे। उन्होंने तैनात पुलिस पिकेट को सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिये। भोजीपुरा क्षेत्र के दोहना टोल टैक्स पर भी पुलिस तैनात रही। पुलिस प्रशासन को जनपद में भी किसानों के उग्र प्रदर्शन करने और टोल प्लाजा पर पहुंचने की आशंका है।
एलआईयू अपनी रिपोर्ट में पुलिस प्रशासनिक अफसरों को यह बता चुकी है कि कुछ किसान संगठन अंदरखाने विरोध की चिंगारी को हवा दे रहे हैं। बड़ी संख्या में किसान दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन में पहुंच चुके हैं। कई राजनीतिक पार्टियों के लोग भी किसानों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इधर, डीएम नितीश कुमार पहले ही सभी एसडीएम को अलर्ट रहने के निर्देश दे चुके हैं।
