हिमाचल प्रदेश : सोनिया गांधी ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण, अर्पित की पुष्पांजलि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शिमला। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने सोमवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान के दौलत सिंह पार्क में, हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया।

कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ दिवंगत नेता को पुष्पांजलि अर्पित की। छह फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ वाई एस परमार, महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं की प्रतिमाओं के पास स्थापित की गई है।

वीरभद्र सिंह रामपुर-बुशहर राजघराने के वंशज थे। उन्होंने पहली बार आठ अप्रैल, 1983 को मुख्यमंत्री का पद संभाला। इसके बाद अगले चार दशकों तक वह सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। उन्होंने पांच बार और मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। लंबी बीमारी के कारण 2021 में उनका निधन हो गया। 

प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, सचिन पायलट और दीपेंद्र हुड्डा भी उपस्थित थे। राज्य में पार्टी की प्रभारी रजनी पाटिल और कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला भी प्रतिमा अनावरण में शामिल हुए। कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी, जिसके मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। 

संबंधित समाचार