Bareilly: चार प्रमुख ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच, त्योहार पर यात्रियों को मिलेगी राहत
बरेली, अमृत विचार। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने चार प्रमुख ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता के अनुसार यह व्यवस्था अक्टूबर के मध्य से लागू की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक 14308 बरेली-प्रयागराज संगम एक्सप्रेस में 17 अक्टूबर को एक अतिरिक्त स्लीपर कोच, 14307 प्रयागराज संगम-बरेली एक्सप्रेस में 15 और 20 अक्टूबर को एक स्लीपर कोच, 12429 लखनऊ-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 16 से 25 अक्टूबर तक एक थ्री एसी कोच और 12430 नई दिल्ली-लखनऊ सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 17 से 26 अक्टूबर तक एक 3 एसी कोच अतिरिक्त रूप से जोड़ा जाएगा।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान विशेष रूप से दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होती है। ऐसे में इन अतिरिक्त कोचों से बड़ी संख्या में यात्रियों को सीटें उपलब्ध हो सकेंगी और प्रतीक्षा सूची में कमी आएगी।
