PGI लखनऊ को दोहरी सफलता : डॉ. आदित्य कपूर को ‘अकैडमिक एक्सीलेंस’ और संस्थान को ‘डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन’ अवार्ड
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) लखनऊ ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्टता का परचम लहराया है। नई दिल्ली में आयोजित 'बीट 2025 - नेशनल कार्डियोवैस्कुलर समिट' के दौरान हुए 'वॉयस ऑफ हेल्थकेयर कार्डियक एक्सीलेंस अवार्ड्स 2025' में एसजीपीजीआई को दो प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया है।
संस्थान के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रो. आदित्य कपूर को "अकैडमिक एक्सीलेंस इन कार्डियोवैस्कुलर मेडिसिन" पुरस्कार से सम्मानित किया गया, वहीं संस्थान को "एक्सिलेंस इन डिजिटल ट्रांस्फार्मेशन इन कार्डियोवैस्कुलर डिजीज़ केयर" पुरस्कार प्राप्त हुआ है। यह पुरस्कार संस्थान की अनुसंधान, नवाचार और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी भूमिका की मान्यता है।
प्रो. आदित्य कपूर ने कहा, "यह सम्मान एसजीपीजीआई के समर्पित शिक्षकों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं की टीम को समर्पित है, जो लगातार हृदय रोग चिकित्सा को नई दिशा देने के लिए कार्यरत हैं। हमारा उद्देश्य अनुसंधान और नवाचार को बेहतर रोगी परिणामों में बदलना है।"
उन्होंने संस्थान के निदेशक प्रो. आर.के. धीमन के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में संस्थान ने शिक्षा, अनुसंधान और प्रौद्योगिकी एकीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। गौरतलब है कि बीट 2025 नेशनल कार्डियोवैस्कुलर समिट में देशभर के प्रमुख हृदय रोग विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और नीति निर्माताओं ने भाग लिया।
