बाराबंकी में रफ्तार का कहर : सड़क हादसों में दो की मौत, एक दर्जन घायल
बाराबंकी, अमृत विचार। अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में खराब सड़क की वजह से ई-रिक्शा पलटने से युवक की मौत हो गई, वहीं दूसरी घटना में श्रद्धालुओं से भरी ऑटो को तेज रफ्तार क्रेटा ने टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौत हुई व दर्जन भर लोग घायल हो गए।
रामसनेहीघाट प्रतिनिधि के अनुसार घटना कोतवाली क्षेत्र के पोयनी गांव में हुई, जहां चंद प्रकाश मिश्र उर्फ पप्पू पंडित पुत्र स्व. रामसागर मिश्र ई-रिक्शा से करीब दो क्विंटल सरिया लेकर घर लौट रहे थे। गांव के बाहर गड्ढेदार और उबड़-खाबड़ रास्ते पर रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया।
बताया जाता है कि चंद प्रकाश रिक्शा संभालने के लिए नीचे उतरे, तभी सरिया का गट्ठर उन पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार गांव की सड़क लंबे समय से खराब है।
दूसरी घटना घुंघटेर थाना क्षेत्र में रामपुर गांव की है। रविवार देर रात देवा मेला देखकर लौट रहे श्रद्धालुओं की ऑटो को सामने से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और क्रेटा सड़क किनारे खंती में पलट गई।
हादसे में ऑटो सवार मोहम्मद अकरम (13), अंजुम (30), अज़ीमुशान (12), सयान (10), अरसलान (7), अनारिया (3), मोहम्मद आलम (15), मोहम्मद आज़म (8) समेत एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं क्रेटा में सवार अखिलेश (19), रोहित (30), नीरज (18), आकाश और चालक शोभित निवासी मियांपुर बेहटा अनवारी को भी चोटें आईं।
पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी घुंघटेर भेजा। हालत गंभीर होने पर कई लोगों को जिला अस्पताल और फिर लखनऊ रेफर किया गया। चालक शोभित को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरएसएस कार्यकर्ता हादसे में घायल, रेफर
फतेहपुर कस्बा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यकर्ता सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना नगर फतेहपुर क्षेत्र के रिलायंस पेट्रोल पंप के पास की है। क्षेत्र के तालगांव निवासी राकेश कुमार यादव उम्र 45 अपनी बाइक से रविवार को कस्बा बेलहरा में आयोजित संघ के पथ संचालन में शामिल होने गए थे।
समापन के बाद देर शाम वह वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी रिलायंस पेट्रोल पंप के पास अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि राकेश उछलकर दूर जा गिरे। सिर में काफी चोटें आने से हालत गंभीर हो गई। इसी बीच उनके मित्र दुर्गेश शुक्ला ने उन्हे सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया। मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
भीषण टक्कर में कार के उड़े चीथड़े, एक घायल
कोतवाली क्षेत्र के सुबेहा तिराहे पर सोमवार शाम डीसीएम चालक द्वारा गलत टर्न लेने से दो ट्रक, दो कार और एक डीसीएम आपस में टकरा गए। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए, हालांकि एयरबैग खुलने से सभी सवार सुरक्षित बच गए। कार सवार प्रतापगढ़ निवासी शशांक जायसवाल घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया गया है। चिकित्सक उमंग पटेल के अनुसार घायल का उपचार जारी है।
