बाराबंकी देवा मेला : दंगल में पहलवानों की जोरआजमाइश, दर्शकों ने उठाया दांवपेचों का लुत्फ
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। देवा मेले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता के दूसरे दिन अखाड़े में जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। पहलवानों ने जीत के लिए जी-जान लगाते हुए अपने-अपने दांवपेंच आजमाए और दर्शकों को कुश्ती के रोमांच से भरपूर मुकाबले देखने को मिले।
दंगल की शुरुआत देवा के हसनैन पहलवान और सीतापुर के शैकीन पहलवान के मुकाबले से हुई, जिसमें हसनैन ने बाज़ी मारी। इसके बाद देवा के फरहान पहलवान ने सुल्तानपुर के कुवेश पहलवान को चित कर अखाड़े में अपना दबदबा कायम किया।
बहराइच के सिराजुल ने महादेवा के ताज़िम को हराया, वहीं जरवल के लकी पहलवान ने बहराइच के भूरा पहलवान को अपने शानदार दांव से पटखनी दी। लखनऊ के कुलदीप पहलवान ने चंदौली के करन पहलवान को हराकर कुश्ती में अपना दमखम दिखाया। एक अन्य रोचक मुकाबले में लखनऊ के सुएब पहलवान ने राजस्थान के राहुल को हराया।
मुरादाबाद के खालिक पहलवान ने भी राजस्थान के गोल्टा पहलवान को परास्त किया। पंजाब के मौसम अली पहलवान ने बरेली के बादल पहलवान को पराजित कर अखाड़े में अपनी ताकत का लोहा मनवाया।
इसके बाद महिला मुकाबले में रोशनी पहलवान और शिवांगी पहलवान (गोंडा) के बीच कुश्ती हुई, जिसने दर्शकों की खास सराहना बटोरी। दिन भर चले दंगल में एक से बढ़कर एक नामी पहलवानों ने जोर-आजमाइश की, जिससे देवा मेला मैदान कुश्ती के जुनून से सराबोर रहा। दर्शकों ने मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
