Women World Cup Points Table: अंक तालिका में हुआ बड़ा बदलाव, दक्षिण अफ्रीका की जीत से भारत को झटका
Women World Cup Points Table: महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 का 14वां मैच काफी रोमांचक रहा, जहां बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका को कड़ी चुनौती दी। लेकिन दक्षिण अफ्रीकी टीम ने आखिरी ओवर में तीन विकेट से जीत हासिल कर ली। इस नतीजे से भारतीय टीम की स्थिति पर असर पड़ा और वह तालिका में एक पायदान नीचे सरक गई। ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद भारत पहले से ही दबाव में है, और अब उसका अगला मुकाबला इंग्लैंड से होना है।
सोमवार को खेले गए इस मुकाबले में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग की और 232 रन का स्कोर खड़ा किया। शोर्ण अख्तर ने 51 रन और शरमीन अख्तर ने 50 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। जवाब में गेंदबाजी में नाहिदा अख्तर और रितु मोनी ने शानदार प्रदर्शन किया, जिससे दक्षिण अफ्रीका की आधी टीम महज 78 रन पर पवेलियन लौट गई। हालांकि, मारिज़ैन कैप की 56 और क्लो ट्रायोन की 62 रनों की बदौलत टीम संभली। अंत में नादिन डे क्लर्क ने 29 गेंदों पर 37 रनों की तेज तर्रार पारी खेलकर मैच को दक्षिण अफ्रीका की झोली में डाल दिया।
दक्षिण अफ्रीका ने भारत को पछाड़ा
बांग्लादेश पर जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका की टीम अंक तालिका में ऊपर चढ़ गई। चार मैचों में तीन जीत से उसके छह अंक हो गए और वह तीसरे स्थान पर पहुंची, हालांकि नेट रन रेट अभी भी नकारात्मक (-0.618) है। वहीं, भारत चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ चौथे स्थान पर खिसक गया। भारत का नेट रन रेट (-0.682) दक्षिण अफ्रीका से थोड़ा बेहतर जरूर है, लेकिन स्थिति नाजुक बनी हुई है।
शीर्ष पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड का दबदबा
ऑस्ट्रेलिया ने चार मैचों में तीन जीत दर्ज की हैं, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। सात अंकों के साथ उसका नेट रन रेट +1.353 है और वह तालिका में पहले स्थान पर काबिज है। इंग्लैंड ने अपने तीनों मुकाबले जीते हैं, छह अंकों के साथ +1.864 का शानदार नेट रन रेट है, जो उसे दूसरे स्थान पर बनाए हुए है।
अन्य टीमों का हाल
न्यूजीलैंड पांचवें स्थान पर है, जहां तीन मैचों में सिर्फ एक जीत मिली है और नेट रन रेट -0.245 है। बांग्लादेश दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद छठे नंबर पर आ गई। उसने चार मैचों में सिर्फ एक जीत (पाकिस्तान पर) हासिल की है, दो अंक हैं और नेट रन रेट -0.263।
श्रीलंका और पाकिस्तान अभी तक जीत से दूर हैं। श्रीलंका का एक मैच ऑस्ट्रेलिया से बारिश में रद्द हुआ, जिससे उसे एक अंक मिला। सातवें स्थान पर काबिज श्रीलंका का नेट रन रेट -1.526 है। पाकिस्तान सबसे नीचे आठवें स्थान पर है, तीनों मैच हार चुकी है और नेट रन रेट -1.887 काफी खराब है।
यह तालिका लगातार बदल रही है, और आने वाले मैच टीमों की किस्मत तय करेंगे। भारत को इंग्लैंड के खिलाफ मजबूत वापसी की जरूरत है।
