बहराइच में भीषण हादसा : कंटेनर की टक्कर से उड़े बोलेरो के परखच्चे, पांच श्रद्धाल घायल
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच के घने कोहरे के चलते मंगलवार सुबह एक बोलेरो वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिसमें पांच श्रद्धालु घायल हो गए। सभी लोग श्री बालाजी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर स्थित जालिम नगर पुल के पास सड़क किनारे एक कंटेनर खड़ा था।
कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से बोलेरो उसमें जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर पहुंचाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल आनंद (32), रामदयाल (46) और लक्ष्मी (13) जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं श्रीप्रकाश बाजपेई (62) और रामकुबेर (62) को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सभी लोग बोझिया गांव के रहने वाले हैं और श्री बालाजी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे।
