बिहार विधानसभा चुनाव : भाजपा ने जारी की 71 उम्मीदवारों की सूची, तारापुर से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मिला टिकट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली/पटना। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Elections 2025) के लिए 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। जिसमें उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को क्रमश: तारापुर और लखीसराय सीट से टिकट दिया गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और राज्य मंत्री रेणु देवी को क्रमशः कटिहार और बेतिया से उम्मीदवार बनाया गया है।

पार्टी राज्य में 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। सूची में नौ महिलाओं के नाम भी शामिल हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिलीप जायसवाल ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि पार्टी इस बार महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर जोर देगी। पहली सूची में कई बड़े नेताओं को टिकट मिला है। 

भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार, राज्य मंत्री नीतीश मिश्रा फिर से झंझारपुर सीट और मंगल पांडे सीवान से चुनाव लड़ेंगे। दानापुर से रामकृपाल यादव को उम्मीदवार बनाया है। श्रेयसी सिंह जमुई सीट से चुनाव लड़ेंगी। विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव का टिकट इस बार काट दिया गया है।

उन्होंने इसपर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैं भारतीय जनता पार्टी के निर्णय के साथ हूं। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है। मुझे कोई शिकायत नहीं है। नई पीढ़ी का स्वागत और अभिनंदन है।” उन्होंने कहा कि पटना साहिब विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने उन्हें सात बार विजयी बनाया। यादव ने कहा, “भाजपा उम्मीदवार के रूप में जो स्नेह और प्यार मुझे मिला, उसे मैं कभी भूल नहीं पाऊंगा। सबका आभार।”  बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होगा।

संबंधित समाचार