NDA कैडेट की मौत... बहराइच में लोगों ने निकाला कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की मांग
बहराइच। पुणे के राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) छात्रावास में शुक्रवार को फंदे से लटके पाए गए बहराइच निवासी कैडेट अंतरिक्ष कुमार सिंह के परिवार के सदस्यों ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ सोमवार को यहां कैंडल मार्च निकाला और सरकार से अंतरिक्ष की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच करने और न्याय दिलाने की मांग की। मृतक कैडेट के परिवार के सदस्यों ने उसकी हत्या का संदेह जताया और महाराष्ट्र पुलिस तथा एनडीए प्रशासन पर तथ्य छिपाने का आरोप लगाया है।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), पुणे के एक प्रथम वर्ष के कैडेट अंतरिक्ष का शव शुक्रवार को तड़के उसके छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या का मामला है। उसके परिवार के सदस्यों का आरोप है कि वरिष्ठों द्वारा प्रताड़ित किए जाने के कारण उसने यह कदम उठाया। एनडीए ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले 18 वर्षीय कैडेट अंतरिक्ष कुमार सिंह की मौत की कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी (सीओआई) के आदेश दे दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, अंतरिक्ष के साथियों ने उसे सुबह उसके कमरे में फंदे से लटका देखा। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर कोई नोट नहीं मिला है, लेकिन प्रारंभिक जाँच से लगता है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। अंतरिक्ष के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि अकादमी में उसके वरिष्ठों द्वारा उसे परेशान किया जाता था और उन्होंने हाल ही में एनडीए अधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने दावा किया कि वह उत्पीड़न से परेशान था और पुणे शहर के बाहरी इलाके में स्थित अकादमी में अपना प्रशिक्षण बंद करना चाहता था।
अंतरिक्ष का पार्थिव शरीर पुणे से बहराइच लाने के बाद, डोगरा रेजिमेंट के सैन्य अधिकारियों, नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में उसके पैतृक गाँव में सैन्य सम्मान के साथ उसका अंतिम संस्कार किया गया। सोमवार देर शाम सुमेरपुर गांव में ग्रामीणों, परिजनों और क्षेत्रीय ब्लॉक प्रमुख ने कैंडल मार्च निकालकर अंतरिक्ष को न्याय दिलाने की मांग की।
अंतरिक्ष की मां सीमा सिंह ने कहा "मैं 13 दिन पहले पुणे गयी थी, तब वह बिल्कुल ठीक था। उसने बताया था कि कुछ सीनियर उसे प्रताड़ित कर रहे हैं, उसे जबरन चार जग पानी पिलाकर उससे उल्टी करवाते हैं। तभी इसकी शिकायत अकादमी के अधिकारियों से की गई, लेकिन हमें सिर्फ आश्वासन ही मिला।" कैंडल मार्च के दौरान संवाददाताओं से सीमा सिंह ने कहा कि अकादमी और पुलिस ने उन्हें सीसीटीवी रिकॉर्डिंग नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा "हम लोग दिन भर वहां (पुणे में) बोलते रहे, हमें सीसीटीवी वीडियो दिखा दें, लेकिन वह बार बार टालते रहे। हमसे कहा कि फुटेज पुलिस के पास है, हम पुलिस के पास गये तो उन्होंने कहा कि फुटेज अकादमी में है। रात तक हम यहां से वहां दौड़ते रहे। अंत में बिना फुटेज देखे हमें बहराइच आना पड़ा।’’
मृतक की मां ने कहा "वह इसे आत्महत्या बोल रहे हैं, लेकिन यह हत्या है। मेरा बेटा आत्महत्या कर ही नहीं सकता था। वह वहां आत्महत्या करने नहीं गया था, वह तो वहां कुछ बनकर देशसेवा करने गया था।" क्षेत्रीय ब्लॉक प्रमुख जय प्रकाश सिंह ने बताया कि जब से अंतरिक्ष सिंह की मौत की खबर आई है, पूरा इलाका स्तब्ध है।
ये भी पढ़े :
नवजात की हत्या कर नहर में फेंकने जा रही थी मां, ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने किया गिरफ्तार
