दीपावली पर मिलेगी 24 घंटे निर्बाध बिजली, ऊर्जा मंत्री ने दिए सख्त निर्देश, लटकते तारों से भी जल्द मिलेगी निजात  

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्वों के मद्देनजर कैंप ऑफिस से वर्चुअल समीक्षा बैठक कर ऊर्जा एवं नगर विकास विभाग के तैयारियों की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दीपावली पर्व के दौरान 24 घंटे निरंतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय बिजली कटौती से जनसामान्य को असुविधा न हो, इसके लिए सभी स्तरों पर विद्युत व्यवस्था की गहन मॉनिटरिंग की जाए। मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मिले, इसके लिए लो वोल्टेज एवं बार-बार शटडाउन की समस्या पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य समय रहते पूरे कर लिए जाएं ताकि त्योहारों के समय कोई बाधा उत्पन्न न हो।

ऊर्जा मंत्री ने हाल के दिनों में लटकते तारों एवं ढीले कनेक्शनों के कारण हुई दुर्घटनाओं पर गंभीर नाराजगी व्यक्त की। श्री शर्मा ने सभा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली से पूर्व सभी लंबित नवीन विद्युत संयोजन आवेदनों की औपचारिकताएं पूरी कर अविलंब संयोजन ऊर्जीकृत किए जाएं जिससे कि किसी भी उपभोक्ता को अनावश्यक रूप से प्रतीक्षा न करनी पड़े। लखनऊ के अधिकांश स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद होने की घटना पर नाराजगी जाहिर करते हुए ऊर्जा मंत्री मंत्री ने कहा कि त्योहारों के समय पूरे प्रदेश में कहीं भी स्ट्रीट लाइट बंद होने की स्थिति में संबंधित नगर आयुक्त एवं अधिशासी अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

त्योहार पर रेहड़ी, ठेला लगाने वालों को न हटाएं

नगर विकास मंत्री ने कहा कि त्योहारों के समय रेहड़ी व ठेला लगाने वाले छोटे व्यापारियों को आजीविका के अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर इन्हें हटाया न जाए, बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था और आवागमन को ध्यान में रखकर संतुलित व्यवस्था बनाई जाए।

संबंधित समाचार