UP :किस-किस से करें परहेज...दूध, पनीर, मिर्च पाउडर, अरहर तक मिलावटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा अमृत विचार। दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले आठ विक्रेताओं के नमूने फेल हो जाने पर नोटिस जारी किया गया है। खाद्य पदार्थों में मिलावट की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। मिलावटखोरों के खिलाफ एडीएम कोर्ट में वाद दायर कराया जा रहा है। सहायक आयुक्त खाद्य विनय कुमार ने बताया कि आठ खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे गए थे।

 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसमें दूध , पनीर, मिर्च पाउडर, अरहर की दाल आदि शामिल है। दूध में दूध वसा की मात्रा निर्धारित मानक से कम मिली है। पानी की मिलावट की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि दूध में वसा की मात्रा 31 प्रतिशत मिली है जबकि 50% होनी चाहिए। पनीर में भी दुग्ध वसा की मात्रा निर्धारित मानक से कम है। उन्होंने बताया कि मिर्च पाउडर में धनिया, चावल की मिलावट की पुष्टि हुई है, जो सेहत के लिए हानिकारक है।

खाद्य अधिकारी ने बताया कि आठ विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस का जवाब मिलने के बाद एडीएम कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा। एडीएम कोर्ट से संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ जुर्माना की कार्रवाई की जाएगी। अरहर दाल का सैंपल असुरक्षित आया है। इस मामले में कोर्ट द्वारा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि दीपावली के चलते खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिले भर में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच को भेजे जा रहे हैं। खाद्य विभाग की कार्यवाही से खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वालों में हड़कंप मच गया है।

खाद्य विभाग की टीम ने सवा क्विंटल पनीर नष्ट कराया
गजरौला, अमृत विचार: पनीर बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारकर खाद्य विभाग की टीम ने सवा क्विंटल पनीर नष्ट कराया है। टीम को देखकर फैक्ट्री में काम कर रहे लोग फरार हो गए। खाद्य विभाग की छापेमारी से पनीर कारोबारियों में हड़कंप मच गया। दीपावली को लेकर चल रहे अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम सहायक आयुक्त विनय अग्रवाल के नेतृत्व में छापेमारी कर रही है। सोमवार को खाद्य विभाग की टीम ने मोहरका पट्टी गांव में संचालित पनीर की एक फैक्ट्री पर मंगलवार को छापेमारी की। टीम को देखकर संचालक व काम करने वाले लोग वहां से फरार हो गए। टीम ने मौके से सवा कुंतल पनीर नष्ट कराया, सैंपल भी भरा। सहायक आयुक्त ने बताया कि छापेमारी कर करीब एक लाख 26 हजार रुपये का मिलावटी पनीर पकड़ा गया है, उसे नष्ट कराया गया। दीपावली तक छापेमारी जारी रहेगी।

संबंधित समाचार