UP : कल्कि धाम के नजदीक अवैध मस्जिद ध्वस्त, सरकारी जमीन पर था निर्माण
संभल, अमृत विचार। ऐंचोड़ा कंबोह में श्री कल्कि धाम के नजदीक सरकारी भूमि पर बनी मस्जिद पर मंगलवार को प्रशासन ने ध्वस्त कर मलवा भी जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे।
थाना ऐंचौड़ा कंबोह क्षेत्र के ऐंचोड़ा कंबोह गांव में सैदनगली–मनौटा मुख्य मार्ग के किनारे कुछ साल पहले मस्जिद का निर्माण किया गया था। सार्वजनिक पार्क के नाम पर दर्ज एक हेक्टेयर भूमि में से लगभग 262 वर्ग मीटर क्षेत्र पर मस्जिद का निर्माण किया गया था। जहां लंबे समय से मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज अदा कर रहे थे। इस बीच प्रशासन ने शिकायत की गई कि मस्जिद का निर्माण अवैध तरीके से सरकारी जमीन पर किया गया है। हल्का लेखपाल सुरेंद्र कुमार सिंह की जांच में यह बात सामने आई कि जिस भूमि पर मस्जिद बनी है वह ग्राम सभा की सार्वजनिक पार्क की भूमि है। लेखपाल ने मामले को तहसीलदार न्यायालय में प्रस्तुत किया तो मामला आगे बढ़ा।
ग्राम सभा बनाम जमील अहमद के नाम से तहसीलदार न्यायालय में चले मुकदमे में तहसीलदार संभल धीरेंद्र प्रताप सिंह ने 24 सितंबर को बेदखली का आदेश पारित किया था। मस्जिद कमेटी से प्रशासन ने निर्माण खुद हटा लेने काे कहा था। उस समय मस्जिद की एक दीवार हटा ली गई थी लेकिन बाकी निर्माण नहीं हटाया गया था। सरकारी जमीन से मस्जिद के निर्माण को हटाने के लिए नायब तहसीलदार दीपक जुरैल के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम गठित की गई। इस टीम में आधा दर्जन ने ज्यादा राजस्व अधिकारियों व लेखपाल शामिल किये गये थे। मंगलवार दोपहर को राजस्व टीम दो बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। इस दौरान ऐंचोड़ा कंबोह थाना प्रभारी मोहित काजला व असमोली थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे वहीं सीओ असमोली कुलदीप कुमार सिंह भी मौजूद थे। पीएसी जवानों को भी तैनात किया गया था।
आधा घंटे में ध्वस्त कर दी मस्जिद
सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद का निर्माण ध्वस्त कर जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने दो बुलडोजर लगाये थे। माना जा रहा था कि निर्माण को तोड़ने के लिए घंटों का समय लग सकता है,लेकिन बुलडोजर ने महज 20 मिनट में निर्माण को तोड़ दिया। दरअसल जैसे ही अगली दीवार का हिस्सा बुलडोजर ने तोड़ा तो पूरा निर्माण हिलने लगा। इसके बाद लिंटर सहित पूरा निर्माण एक साथ गिर गया।
मलवा भी कराया गया साफ
प्रशासन ने मस्जिद का निर्माण तुड़वाने के बाद मलवा हटवाने का काम भी उसी समय शुरु करा दिया। कई डंपर लगाकर उसमें निर्माण का मलवा बुलडोजर से लादकर जगह को साफ करने का काम किया गया। देर शाम तक ज्यादातर मलवा वहां से हटा लिया गया था।
आधा दर्जन मकान भी कार्रवाई की जद में
मस्जिद को प्रशासन ने ढहा दिया लेकिन अभी कार्रवाई पूरी नहीं हुई है। मस्जिद से सटे आधा दर्जन मकान भी सरकारी भूमि पर बने हैं। इनके खिलाफ मामला तहसीलदार न्यायालय में चल रहा है। नायब तहसीलदार दीपक जुरैल ने बताया कि सार्वजनिक पार्क की भूमि पर अवैध रूप से निर्माण किया गया था, जिसे मंगलवार को पूरी तरह से हटा दिया गया है। मकानों का मामला तहसीलदार न्यायालय में लंबित है। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
