UP : सौतेला बाप करता था जुल्म...बेटे ने चाकू से गला काटकर उतारा मौत के घाट
अमरोहा, अमृत विचार। बेटे ने अपने सौतेले पिता की चाकू से गर्दन रेतकर हत्या दी। सीओ शक्ति सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच पड़ताल की। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी बेटे को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पता लगा कि सौतेला पिता उसकी पिटाई करता था जो उसे बर्दाश्त नहीं होता था।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दानिशमंदन बाईपास में जावेद का परिवार रहता है। जावेद मूल रूप से दिल्ली का निवासी था लेकिन करीब डेढ़ साल पहले अमरोहा नगर के मोहल्ला दानिशमंदन बाईपास में रहने लगा। उसने यहां की रहने वाली रजिया से निकाह किया था। रजिया ने पहले पति की मौत के बाद जावेद से निकाह किया था। परिवार में पत्नी रजिया के अलावा तीन सौतेले बेटे मोहम्मद अहमद, उस्मान व अयान और एक बेटी राबिया हैं। राबिया की शादी हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक अहमद नशे का आदी है। इसको लेकर आए दिन झगड़ा होता रहता था। जावेद ने दो दिन पहले अहमद की पिटाई कर दी थी। अहमद सौतेला पिता होने के कारण जावेद को बर्दाश्त नहीं करता था और उस पर पिटाई करने का अधिकार नहीं होने की बात कहता था।
सोमवार की रात अहमद मोहल्ले में खेल खत्म करने की बात कहता घूम रहा था। रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सोए थे। मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे अहमद ने सोते समय सौतेले पिता जावेद की गर्दन पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। एसपी अमित कुमार आनंद और सीओ सिटी शक्ति सिंह ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। जांच पड़ताल के बाद पुलिस ने मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है। सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि सौतेले पिता की हत्या के मामले में मोहम्मद अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी नशे का आदी था। पिटाई का बदला लेने के लिए उसने यह कदम उठाया है। उसको जेल भेज दिया गया है।
