ICC Ranking: कुलदीप यादव ने मनवाया अपनी गेंदबाजी को लोहा, हासिल की करियर की सर्वोच्च टेस्ट रैंकिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

दुबई: भारतीय बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव ने नई दिल्ली में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में आठ विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की ताजा टेस्ट गेंदबाजी रैंकिंग में सात पायदान की छलांग लगाकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 14वीं रैंकिंग हासिल की। बुधवार को जारी रैंकिंग में वेस्टइंडीज के जोमेल वारिकन दो स्थान आगे बढ़कर 30वें और कप्तान रोस्टन चेज चार स्थान ऊपर चढ़कर 57वें स्थान पर पहुंचे।

बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने पहली पारी में 175 रन की शानदार पारी खेलकर दो स्थान की छलांग लगाई और पांचवें स्थान पर पहुंच गए। वहीं, केएल राहुल ने 38 और नाबाद 58 रन की पारियों की बदौलत दो पायदान ऊपर चढ़कर 33वां स्थान हासिल किया। वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों में शाई होप ने 34 स्थान की उछाल के साथ 66वां और जॉन कैम्पबेल ने छह स्थान ऊपर चढ़कर 68वां स्थान प्राप्त किया। दोनों ने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में शतकीय पारियां खेली थीं।

इसके अलावा, अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान ने अबू धाबी में बांग्लादेश के खिलाफ 3-0 की एकदिवसीय श्रृंखला जीत में अहम योगदान दिया। उन्होंने इस श्रृंखला में 11 विकेट चटकाए, जिसके चलते वह पांच पायदान ऊपर चढ़कर एकदिवसीय गेंदबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर लौट आए। राशिद के अब 710 रेटिंग अंक हैं, जो दूसरे स्थान पर मौजूद दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज से 30 अंक अधिक हैं। राशिद पहली बार सितंबर 2018 में नंबर एक गेंदबाज बने थे और आखिरी बार नवंबर 2024 में इस स्थान पर काबिज हुए थे।

संबंधित समाचार