Festive Vibes: कैदियों के बनाये दियों से जगमगायेगा कौशांबी जिला कारागार, मनेगी शुभ दीपावली

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

कौशांबी। कौशांबी जिला कारागार इस बार दीपावली पर मिट्टी के दीयों से जगमगाएगा। इस दीपावली में जेल में मोमबत्ती के बजाय जेल में बंद बंदियों द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीपक जलेगे। यह पहल जेल में बंद एक कैदी की मदद से किया जा रहा है। 

जेल अधीक्षक अजितेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शासन की ओर से जेल को चाक (पॉटर व्हील) उपलब्ध कराया गया था, लेकिन उसे चलाने वाला कोई नहीं था। दीपावली की तैयारियों के दौरान अधीक्षक ने कैदियों से चर्चा की कि क्या कोई चाक चलाना जानता है और दीपक बना सकता है। इस पर थाना कड़ा धाम के सौरई बुजुर्ग गांव निवासी एक कैदी ने आगे आकर दीपक बनाने की इच्छा जताई। यह कैदी भारतीय दंड संहिता की धारा 302 और 328 के तहत आजीवन कारावास की सजा काट रहा है, जिसे 11 जून 2025 को कोर्ट ने यह सजा सुनाई थी। उसने जेल अधीक्षक से चिकनी मिट्टी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। 

अधीक्षक ने इस संबंध में डीएम मधुसूदन हुल्गी को अवगत कराया, इसके बाद नगर पालिका द्वारा चिकनी मिट्टी की व्यवस्था की गई। पिछले दो दिनों से जेल में लगातार मिट्टी के दीपक बनाए जा रहे हैं। कुल 6000 से अधिक दीपक तैयार किए जाएंगे, जिनमें से 1000 सजावटी होंगे। ये दीपक दीपावली पर सरसों के तेल और रुई की बत्ती से जलाए जाएंगे। 

उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त, जेल की मिट्टी से लक्ष्मी-गणेश की दर्जनों मूर्तियां भी बनाई जा रही हैं। इस बार हर बैरक में कैदी लक्ष्मी-गणेश की पूजा कर सकेंगे। दीपक से बैरकों के साथ-साथ पूरे जेल परिसर को रोशन किया जाएगा और बंदियों को पकवान व मिठाई खाने में दी जाएगी। 

संबंधित समाचार