Bareilly: अतिक्रमण पर चला नगर निगम का चाबुक...दुकानदारों से नोकझोंक और हाथापाई का आरोप
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम का चाबुक बुधवार को एक बार फिर अतिक्रमण के खिलाफ चला। सिविल लाइंस में अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई से दुकानदारों में अफतरा तफरी का माहौल हो गया। दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए। कार्रवाई के दौरान छह हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया। इस बीच एक दुकानदार से टीम की नोक झोंक भी हुई। दुकानदार ने टीम पर मारपीट का आरोप भी लगाया।
नगर निगम की टीम बुधवार को बटलर प्लाजा, जवाहर कार मार्केट, आंचल कॉलोनी और प्रसाद टॉकीज के पास अतिक्रमण अभियान चलाने पहुंची। कर निरीक्षक सच्चिदानंद की मौजूदगी में अभियान शुरू किया गया। देखते ही देखते दुकानदार अपना सामान समेटने लगे। रेहड़ी और ठेले वालों ने भी अपना सामान समेट लिया। जो नहीं समेट पाए उनके ठेले और सामान को ट्रॉली पर लाद लिया। नगर निगम के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि आगे से अतिक्रमण किया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार बाजार में कार्रवाई के दौरान टीम की एक दुकानदार से नोकझोंक हो गई। दुकानदार आतिकाय सिंह और राज सिंह ने आरोप लगाया कि दुकान में रखा सामान भी टीम उठाने लगी। जिसके बाद उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया। जिससे अतिक्रमण करने वाली टीम हमलावर हो गई। इतना ही नहीं आंख पर थप्पड़ भी जड़ दिया। इसके बाद कई सपा नेता मौके पर पहुंच गए। कर निरीक्षक पर आरोप लगाया कि वह अक्सर कार्रवाई के नाम पर मारपीट करते हैं।
