लखीमपुर खीरी: झाड़ियों में मिला महिला का शव, गले और सिर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका
धौरहरा, अमृत विचार। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव माधवपुरवा में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई। जब गांव से बाहर चकमार्ग के किनारे झाड़ियों में एक अधेड़ महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव के गले और सिर पर चोट के निशान मिले हैं। परिवार वालों ने हत्या कर शव झाड़ियों में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गुरुवार की सुबह माधवपुरवा के कुछ ग्रामीण खेतों की तरफ जा रहे थे। इसी बीच उनकी नजर रामनरेश के खेत के पास झाड़ियों में पड़े महिला के शव पर पड़ी। इसकी जानकारी होते ही बड़ी संख्या में लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव बाहर निकलवाया और पहचान कराई। शव की पहचान सीमा गौतम (40) पत्नी स्वर्गीय जगन्नाथ के रूप में हुई है। सूचना पाकर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव देख उनमें चीख पुकार मच गई। मृतका के भांजे ने बताया कि महिला के गले में गहरा निशान और सिर पर चोट के कई निशान हैं। इससे परिजन और ग्रामीणों ने यह आशंका जताई है कि यह सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है। परिवार वालों के अनुसार सीमा गौतम बुधवार रात रोज की तरह शौच के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक शिवा जी दुबे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गांव में मातम और भय का माहौल
मृतका के पुत्र शिवपूजन और नीरज वर्तमान में चंडीगढ़ में काम करते हैं। उनको घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों ने बताया कि गांव में किसी से कोई रंजिश नहीं थी, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध बन गया है। घटना के बाद गांव में मातम छा गया है, महिलाएं भयभीत हैं और रात में खेत या बाहर जाने से डर रही हैं।
